Asia Cup 2023: भारत के मैच न्यूट्रल जगह कराने पर राजी हुए PCB चीफ नजम सेठी, गेंद अब ACC के पाले में
पीसीबी चीफ नजम सेठी ने एशिया कप 2023 में अपने रुख को लेकर एक बड़ी अपडेट दी है। अब देखना होगा जय शाह की अध्यक्षता वाली एसीसी इस प्रस्ताव पर क्या फैसला करती है।

पीसीबी प्रमुख नजम सेठी ने शुक्रवार को खुलासा किया कि उन्होंने एशिया कप में भारत के मैच कहीं और न्यूट्रल जगह पर खेलने का प्रस्ताव दिया है। मेजबान पाकिस्तान और अन्य टीमें पाकिस्तान में ही खेलेंगी। सेठी ने कहा कि उन्होंने एशियाई क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) को एक प्रस्ताव भेजा है।
इससे पहले बीसीसीआई साफ तौर पर मना कर चुका है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तान की यात्रा नहीं की जाएगी। कुछ दिन पहले ही एशिया कप का ये हाईब्रिड मॉडल उजागर हुआ था लेकिन आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान ने इसको अब स्वीकार किया है।
सेठी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'हमने इस हाईब्रिड मॉडल पर फैसला किया है कि पाकिस्तान अपने एशिया कप के मैच अपने घर में और भारत अपने मैच न्यूट्रल जगह पर खेलेगा और एशियाई क्रिकेट काउंसिल को हमारा यही प्रस्ताव है।'
एशिया कप में छह टीम हैं जिसमें पाकिस्तान और भारत के अलावा, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और एक टीम है जो एसीसी क्वालिफायर से आएगी जो नेपाल में चल रहा है। टूर्नामेंट 2 से 17 सितंबर तक खेला जाएगा। लेकिन हाईब्रिड मॉडल को सबके द्वारा स्वीकारने के बाद ही जगहों को लेकर जानकारी दी जाएगी।
सेठी ने बताया कि उन्हें सलाह दी गई है कि भारत के मैच न्यूट्रल जगह पर होने दिए जाएं और वर्ल्ड कप 2023 के लिए पाकिस्तान टीम भारत भी जाए। हो सकता है 2025 में पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी होने तक भारत-पाक के राजनीतिक रिश्तों में कुछ बर्फ पिघलती रहे। अगर ऐसा होता है तो भारत पाकिस्तान में खेलने पर विचार करेगा।
हालांकि नजम सेठी ने माना कि देश की जनता भारत के साथ सम्मानपूर्वक क्रिकेट रिश्ते चाहती है। हम जरूरतमंद नहीं हैं और हम आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़े हो सकते हैं और हम एसीसी के साथ बातचीत भी कर रहे हैं। पीसीबी अध्यक्ष ने हालांकि यह नहीं बताया कि सरकार में कौन इस मुद्दे पर पीसीबी को सलाह दे रहा है।
सेठी ने इस हाईब्रिड मॉडल के वर्ल्ड कप के समय भी लागू होने की संभावना से इंकार नहीं किया है। अगर भारत एशिया कप न्यूट्रल जगह पर खेल सकता है तो पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप न्यूट्रल जगह पर खेलने के लिए कह सकता है। देखना होगा जय शाह की अध्यक्षता वाली एसीसी इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाती है।












Click it and Unblock the Notifications