'दोस्ती बाहर रहनी चाहिए...,' गौतम गंभीर को पसंद नहीं आया भारत-पाक खिलाड़ियों का दोस्ताना अंदाज, दी ये नसीहत
Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 का तीसरा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया, जोकि बारिश के कारण बेनतीजा रहा, जिससे दोनों टीमों के खाते में एक-एक प्वाइंट आ गया। वहीं शनिवार को श्रीलंका के पल्लेकेल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारी बारिश होने के कारण भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ दोस्ताना बातचीत करते देखे गए, जिसे लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मिड-गेम शो के दौरान स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत में गंभीर ने कहा कि 'भारतीय टीम 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व कर रही है। जब आप अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर खेलते हैं, तो आपको दोस्ती को बाउंड्री के बाहर छोड़ देना चाहिए। खेल का सामना करना जरूरी है। दोस्ती बाहर रहनी चाहिए।'

उन्होंने कहा कि, 'दोनों टीम के खिलाड़ियों की आंखों में आक्रामकता दिखनी चाहिए।' गंभीर ने कहा कि, 'क्रिकेट के उन छह या सात घंटों के बाद आप जितना चाहें उतना दोस्ती निभा सकते हैं। वे घंटे बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि आप सिर्फ अपना प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं, आप एक अरब से अधिक लोगों के देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।'
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि, आजकल आप मैच के दौरान देखते हैं कि प्रतिद्वंद्वी टीमों के खिलाड़ियों को एक-दूसरे की पीठ थपथपाते। कुछ साल पहले आपने ऐसा कभी नहीं देखा होगा। आप फ्रेंडली मैच ही खेल रहे हो।' क्रिकेटर से नेता बने गंभीर ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल के साथ अपनी दोस्ती का उदाहरण दिया।
गंभीर ने कहा कि, 'हम बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैंने उसे एक बल्ला दिया और उसने मुझे भी एक बल्ला दिया। कामरान ने मुझे जो बल्ला दिया था, उससे मैंने एक पूरा सीजन खेला। हमने हाल ही में एक घंटे तक बात की।' गंभीर ने स्लेजिंग के विषय पर भी बात करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के बीच हंसी-मजाक ठीक है, उन्हें कभी भी व्यक्तिगत नहीं होना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications