Asia Cup 2023: एशिया कप में भारत-पाक के बीच 2 मैच और होंगे? जानें ये कब और कहां खेले जाएंगे
India vs Pakistan: एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच कैंडी में शनिवार को खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलने से पाकिस्तान की टीम ने सुपर चार में जगह हासिल कर ली। टीम इंडिया को फ़िलहाल नेपाल के खिलाफ मुकाबला खेलना है।
पाकिस्तानी टीम के 3 अंक है और ग्रुप ए में वह नम्बर एक पर है। ए1 बनना पाकिस्तान का पहले से ही तय था। लाहौर में सुपर 4 का मैच आयोजित कराने के लिए शेड्यूल ऐसा रखा गया था। भारतीय टीम अगले मैच में नेपाल को हराने से नम्बर दो के साथ सुपर चार में जाएगी।

ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर से मुकाबला होना तय दिख रहा है। भारतीय टीम अगर नेपाल को हरा देती है, या मैच बारिश से भी धुल जाता है तो टीम इंडिया अगले दौर में होगी। वहां एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान का मुकाबला देखने को मिलेगा।
कोलम्बो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच 10 सितम्बर को मुकाबला देखने को मिल सकता है। हालांकि इस मैच के लिए फ़िलहाल नेपाल भी दौड़ में है लेकिन ऐसा होने की संभावना कम ही है। 99 फीसदी आसार भारत और पाकिस्तान के हैं। एक फीसदी संभावना नेपाल की इसलिए है क्योंकि क्रिकेट महान अनिश्चितताओं का खेल है।
सुपर चार से टॉप दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। अगर भारतीय टीम और पाकिस्तान की टीम दोनों टॉप दो में आती हैं, तो फाइनल में एक और मैच दोनों चिर प्रतिद्वन्द्वी टीमों के बीच देखने को मिल सकता है। फाइनल मुकाबला 17 सितम्बर को कोलम्बो में खेला जाएगा।
फ़िलहाल टीम इंडिया का मैच नेपाल से होना है। सोमवार को दोनों टीमों के बीच भिड़न्त होगी। नेपाल के पास अनुभव की काफी कमी है। पिछले मैच में पाकिस्तानी टीम के खिलाफ उनको 238 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications