'हमारे हाथ में नहीं है...,' भारत के खिलाफ टॉस हारने पर निराश हुए बाबर आजम, बताया गेम प्लान
Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 का तीसरा मुकाबला श्रीलंका के कैंडी में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वहीं पाकिस्तान के कप्तान टॉस हारने से निराश नजर आए, क्योंकि उन्होंने भी बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना था।
अधिकतम लाभ उठाने की पूरी कोशिश करेंगे बाबर आजम
हालांकि, बाबर आजम ने स्पष्ट कर दिया कि वे स्थिति का अधिकतम लाभ उठाने की पूरी कोशिश करेंगे। टूर्नामेंट के पहले मैच में नेपाल को बड़े पैमाने पर हराने वाली पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे- बाबर
बाबर आजम ने टॉस के बाद कहा कि, 'हम पहले बल्लेबाजी करते, लेकिन टॉस हमारे हाथ में नहीं है। हमने यहां काफी क्रिकेट खेला है, इसलिए हम परिस्थितियों को जानते हैं। हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। हम उसी कॉम्बिनेशन के साथ खेल रहे हैं, कोई बदलाव नहीं किया है।'
उन्होंने आगे बताया कि, 'अच्छा प्रदर्शन करने से आपको हमेशा आत्मविश्वास मिलता है, हम इसका फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। यह एक हाई-वोल्टेज मुकाबला है, और हम धैर्य के साथ पूरी कोशिश करेंगे।'
दरअसल, भारतीय प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद शमी को जगह नहीं मिलने से उनके फैंस काफी निराश और हैरान हैं। शमी की जगह टीम में ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को चुना है। अब टीम इंडिया में तीन पेसर- मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर हैं, जबकि वहीं रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव स्पिनर हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, इशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रउफ।












Click it and Unblock the Notifications