Asia Cup: PAK के खिलाफ मुकाबले में विराट बनाएंगे यह खास रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बनेंगे
एशिया कप 2022 के लिए बीसीसीआई ने सोमवार को 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की।
नई दिल्ली, अगस्त 09: एशिया कप 2022 के लिए बीसीसीआई ने सोमवार को 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की। 27 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है। वहीं दीपक हुड्डा, अर्शदीप सिंह और आवेश खान टीम में अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे। चोट के कारण जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल को टीम में शामिल नहीं किया गया है। तीन खिलाड़ियों को स्टैंडबाय रख गया है, इनमें श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल शामिल हैं।

दूसरे भारतीय खिलाड़ी बनेंगे
इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के पहला मैच दुबई में श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। वहीं भारतीय टीम टूर्नामेंट का अपना पहला मुकाबला 28 अगस्त को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इस हाईबोल्टेज मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। दरअसल विराट कोहली ने अब तक 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। पाकिस्तान के खिलाफ वह अपना 100वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेंगे। ऐसे में वह 100 टी20I खेलने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बना जाएंगे। इससे पहले रोहित शर्मा ने 132 टी20I खेले हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
- भारत: रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और आवेश खान।
- पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, आसिफ अली, फखर जमान, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, शाहनवाज दहानी, उस्मान कादिर।

विराट कोहली का T20I करियर
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। वह आखिरी बार इंग्लैंड दौरे पर खेलते हुए नजर आए थे। इस दौरान उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। वह एक भी अर्धशतक तक नहीं लगा सके थे। इसके बाद उन्हें आराम दिया गया था। अब एशिया कप से वह वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक 99 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान विराट ने 50.12 की औसत और 137.66 के स्ट्राइक रेट से 3308 रन बनाए हैं। उन्होंने टी20 में 30 अर्धशतक लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications