Asia Cup 2022: भारत-श्रीलंका मुकाबले में कैसा रहेगा मौसम और पिच का मिजाज
दुबई, 6 सितंबर: भारत और श्रीलंका की टीमें सुपर 4 के एक और अहम मुकाबले में खेलने के लिए आज उतरेंगी। टीम इंडिया को सुपर 4 के अपने पहले मैच में कट्टर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से शिकस्त मिली थी जिसके चलते भारत के लिए आज पलटवार करना जरूरी हो गया है। भारतीय टीम चाहेगी कि वह मजबूत वापसी करें और अपने अगले मुकाबले में अफगानिस्तान को भी मात देकर फाइनल में जगह बनाए।

दूसरी ओर श्रीलंका की टीम भी अफगानिस्तान से सुपर 4 का अपना पहला मुकाबला जीतकर आ रही है और यह मैच रोमांचक होने की स्थिति में पहुंच चुका है। वहीं, भारत रविवार को की गई गलतियों को दोहराने से बचने की उम्मीद कर रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ ऋषभ पंत और युजवेंद्र चहल परफॉर्म करने में नाकाम रहे थे। कुछ यही स्थिति हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव की भी थी।
भारत की प्लेइंग इलेवन भी उस मुकाबले में कुछ खास नहीं लगी ऐसे में कोच राहुल द्रविड़ इस बार दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल को मौका देने की सोच सकते हैं।
दूसरी ओर श्रीलंका की टीम ने प्रतियोगिता में कुछ निडर क्रिकेट खेला है। दासुन शनका ने अपनी टीम को आगे से आकर लीड किया है और सबको प्रभावित किया है। अपने पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान की गेंदबाजी के सामने श्रीलंका ने एक अच्छा स्कोर चेज किया था। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा जहां की पिच पर गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए थोड़ी बहुत मदद मौजूद रहती है।
हालांकि विकेट बल्लेबाजी का स्वर्ग तो नहीं है लेकिन समय बिताकर खेलने वाला बल्लेबाज सैट होने के बाद यहां रन बनाने में कामयाब रहा है। दूसरी और तेज गेंदबाज सीम मूवमेंट हासिल करने में कामयाब रह सकते हैं और पिच के स्पंजी बाउंस शुरुआत में फायदा उठा सकते हैं। ऐसे में जो टीम पहले बल्लेबाजी करेगी वह डिसएडवांटेज में रह सकती है। दूसरी बात यह भी है कि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को ओस का फायदा नहीं मिला है।
अगर मौसम की बात करें तो नमी 47% रहेगी और तापमान 35 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्मीद है। ये खेलने के लिए मुश्किल हालात जरूर हैं लेकिन बारिश के कोई चांस नहीं है जिससे बिना बूंदाबांदी के पूरा मैच होगा। हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
भारतीय क्रिकेट टीम इस मैच में अपने दो टी20 सितारों से वापसी की उम्मीद कर रही है जो सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या है।












Click it and Unblock the Notifications