IND vs PAK: कार्तिक या पंत में से कौन होगा बाहर? जानें पाकिस्तान के खिलाफ क्या होगी भारत की प्लेइंग 11
भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 विश्वकप 2021 के बाद एक बार फिर आमने-सामने होंगी। एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा।
नई दिल्ली, 25 अगस्त: भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 विश्वकप 2021 के बाद एक बार फिर आमने-सामने होंगी। एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा। यह मुकाबला 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों ही टीमों के खिलाड़ी इस मैच में जीत के लिए कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। रोहित शर्मा एंड कंपनी की नजर इस मुकाबले को जीतकर पाकिस्तान से पिछली हार का बदला लेने पर है। वहीं पाक कप्तान विश्वकप के बाद अब एशिया कप में भी भारत को हराना चाहेंगे। आइए जानते हैं इस हाई वोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 क्या होगी।

पंत या कार्तिक में किसी एक को मौका
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल पारी की शुरुआत कर सकते हैं। केएल राहुल हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे से आ रहे हैं। यहां उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। तीसरे नंबर पर पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली नजर आ सकते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली का रिकॉर्ड भी अच्छा है। ऐसे टॉप 3 में इन बल्लेबाजों का खेलना तय है। शानदार लय में चल रहे सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। वहीं पांचवें नंबर के लिए दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत के बीच टक्कर देखने को मिलेगी। कार्तिक आईपीएल 2022 से ही शानदार फॉर्म हैं, यही वजह है कि उन्हें एशिया कप स्क्वॉड में जगह मिली है।

भारतीय तेज गेंदबाजी थोड़ी कमजोर
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम एक अतिरिक्त गेंदबाज के साथ मैदान में उतरना चाहेगी। ऐसे में हार्दिक पांड्या छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। वहीं 7वें नंबर पर रविंद्र जडेजा को मौका मिल सकता है। जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल के बाहर होने से भारतीय तेज गेंदबाजी कुछ कमजोर नजर आती है। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और पांड्या के कंधों पर तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी हो सकती है। वहीं रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल स्पिन डिपार्टमेंट संभाल सकते हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत/दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
- पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, हैदर अली, खुशदिल शाह, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, हारिस रऊफ, शाहनवाज दहानी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
- भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, केएल राहुल, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, आवेश खान, युजवेंद्र चहल।
- पाकिस्तान टीम: बाबर आजम (कप्तान), फखर जमान, हैदर अली, खुशदिल शाह, आसिफ अली, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद रिजवान, हारिस रऊफ, नसीम शाह, शाहनवाज दहानी, उस्मान कादिर, मोहम्मद हसनैन।












Click it and Unblock the Notifications