विराट कोहली ने एशिया कप में बल्ले से दिखाया दम, गौतम गंभीर ने जमकर सराहा
लंबे समय से भारतीय क्रिकेट फैंस पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के बल्ले से रनों का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार एशिया कप में विराट कोहली अपने पुरानी लय में दिखाई दे रहे हैं।
नई दिल्ली, 1 सितंबर। लंबे समय से भारतीय क्रिकेट फैंस पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के बल्ले से रनों का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार एशिया कप में विराट कोहली अपने पुरानी लय में दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती दो मुकाबलों में कोहली ने अपने ही अंदाज में बल्लेबाजी की। दोनों ही बार नंबर तीन पर आकर उन्होंने पारी को संभालने का काम किया। यह काम कोहली पहले अक्सर भारत के लिए किया करते थे।

लंबे समय बाद फॉर्म में लौटे कोहली
कोहली एक बार फिर टीम में अपनी पुरानी भूमिका निभा रहे हैं। नंबर तीन पर आकर वो टीम के लिए अहम रन जोड़ रहे हैं। हांगकांग के खिलाफ नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद विराट कोहली की हर कोई तारीफ कर रहा है। हांगकांग से पहले पाकिस्तान के खिलाफ भी कोहली ने कुछ उपयोगी रन बनाए थे। एशिया कप के आने वाले मुकाबलों में कोहली से बड़े रनों की उम्मीद होगी।

गौतम गंभीर ने की कोहली की तारीफ
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने विराट कोहली की प्रशंसा करते हुए कहा कि एशिया कप 2022 का आगाज कोहली के लिए अच्छा रहा है। पिछले मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद विराट का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा। इससे आने वाले मैचों में उन्हें अच्छा करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। कोहली ने भले ही हांगकांग जैसी कमजोर टीम के खिलाफ रन बनाए हो, लेकिन यह रन उनके लिए काफी मायने रखती है।

मुश्किल पिच पर कोहली के बल्ले से निकले रन
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान गौतम गंभीर ने कहा कि हांगकांग के खिलाफ नाबाद 44 गेंदों में 59 रन से विराट कोहली का आत्मविश्वास बढ़ेगा और यह रन रन हैं, चाहे विपक्षी गेंदबाजी आक्रमण कमजोर ही क्यों न हो। कोहली ने यह रन एक ऐसी पिच पर बनाए हैं जो स्लो थी, जहां दूसरे बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने उतनी जल्दी रन नहीं बनाए, जितना हम चाहते थे, लेकिन उनके लिए पिच पर समय बिताना ज्यादा जरूरी था।

रोहित-राहुल ने गंवाया मौका
गौतम गंभीर ने बताया कि रोहित शर्मा और केएल राहुल उस पिच पर बड़े शॉट लगाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। लेकिन कोहली ने यहां अपने टी-20 करियर का 31वां टी-20 अर्धशतक बनाया। आपको रन बनाने के लिए बीच में कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। रोहित शर्मा और केएल राहुल को भी मौका मिला, लेकिन वह इसे भुना नहीं पाए। कोहली आने वाले मुकाबलों में भारत के लिए अहम खिलाड़ी साबित होंगे।












Click it and Unblock the Notifications