Ashes 2023: एजबेस्टन की हार के बावजूद इंग्लैंड नहीं छोड़ेगा 'बैजबॉल' स्टाइल, जो रूट ने बताया कारण
Ashes 2023 Bazball: एशेज सीरीज 2023 के पहले टेस्ट मैच के दौरान बेहतरीन क्रिकेट खेलने वाले जो रूट (Joe Root) ने साफ कहा है कि इंग्लैंड की टीम बाकी चार मैचों में भी बैजबॉल स्टाइल क्रिकेट को खेलना जारी रखेगी, भले ही पहले टेस्ट मैच का नतीजा उनके पक्ष में नहीं आया है।
रूट ने पहली पारी में शतक बनाया था और दूसरी पारी में भी बढ़िया बैटिंग की थी। यह एक करीबी मैच था जिसको ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट से जीतने में कामयाबी दर्ज की। मैच में कुछ चीजें अंग्रेजों के पक्ष में गिरती तो नतीजा एकदम पलटा हुआ मिलता।

इसलिए जो रूट बैजबॉल स्टाइल को नहीं छोड़ने की बात करते हैं। उनका कहना है कि हर कोई टीम जीतना चाहती है लेकिन हम अपना आकलन ऐसी टीम के तौर पर करते हैं, जो वैसा क्रिकेट खेलती है, जैसा वो चाहती है, और एशेज के पहले टेस्ट मैच के पांचों दिन शानदार क्रिकेट देखने के लिए मिला जो बहुत बड़ी बात है।
रूट का कहना है कि भले ही सीरीज एशेज जैसी हो, लेकिन इंग्लैंड अपने खेल के अंदाज पर टिका रहेगा। यानी आपको पता है कि अगले 4 टेस्ट मैचों में भी क्या होने जा रहा है। इंग्लैंड किसी भी कीमत पर अब डिफेंसिव स्टाइल में जाना नहीं चाहता। जो रूट नहीं मानते कि इंग्लैंड ने खराब क्रिकेट खेला क्योंकि 5वें दिन लियोन का कैच पकड़ने जैसे हॉफ चांस भी विकेट में तब्दील हो जाते, तो मैच का रिजल्ट बदला हुआ दिखता।
यानी एक तरफ इंग्लैंड द्वारा पहली पारी को जल्दी घोषित करने और दूसरी पारी में बैजबॉल के चलते जल्दी आउट होने को लेकर अंग्रेजों की कितनी ही आलोचना हो रही हो, पर जो रूट ने वही बात कही है जो बेन स्टोक्स ने दोहराई थी। इंग्लैंड का मंत्र है- टेस्ट क्रिकेट को दर्शकों के लिए मनोरंजक बनाना।
स्टोक्स ने भी हार के बाद साफ कहा कि अगर उनकी टीम इस टेस्ट में दर्शकों को एक रोमांचक मैच ना प्रदान ना करती, तो उनकी बड़ी हैरानी होती। अब लोगों के पास एशेज को फॉलो करने के लिए और भी अधिक कारण हैं। स्टोक्स को अपनी टीम के खेल पर गर्व है, जिन्होंने अंत तक मैच में लड़ाई की और जीत के इतने करीब पहुंचे। अब दूसरा टेस्ट मैच 28 जून को लंदन के लॉर्ड्स में होने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications