Ashes 2023 में अपने सिलेक्शन पर जेम्स एंडरसन ने कह दी बड़ी बात, चौथा टेस्ट खेलेंगे या नहीं?
Ashes 2023: इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन इस बात को लेकर निश्चित नहीं है कि एशेज 2023 सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा। यह मैच जेम्स एंडरसन के होम ग्राउंड ओल्ड ट्रैफर्ड में होने जा रहा है।
लंकाशायर के फैन अपने तेज गेंदबाज को टेस्ट मैच में खेलते हुए देखने की उम्मीद कर रहे हैं। सबको लग रहा है कि अगर जिमी यहां खेलते हैं तो यह घरेलू दर्शकों के सामने उनका आखिरी मैच होगा।

लेकिन, जेम्स एंडरसन एशेज 2023 के शुरुआती दो टेस्ट मैचों में केवल 3 ही विकेट ले पाए और एजबेस्टन के साथ-साथ लॉर्ड्स में भी उन्होंने खराब गेंदबाजी की। 700 विकेट लेने के मुहाने पर खड़े गेंदबाज से ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद कतई नहीं थी। इसलिए इस हाईप्रोफाइल सीरीज में इंग्लैंड ने तुरंत दो बड़े बदलाव किए और मार्क वुड के साथ क्रिस वोक्स को लाया गया।
इंग्लैंड का पैतरा पूरी तरह काम कर गया क्योंकि तीसरे टेस्ट मैच में इन दोनों ने इंग्लैंड की जीत में निर्णायक भूमिका अदा की। एंडरसन टेलीग्राफ में लिखे अपने कॉलम में कहते हैं, "यह एशेज सीरीज है और यहां पर इस बात के कोई चांस नहीं है कि नॉस्टैल्जिया अगले टेस्ट मैच में कोई भूमिका अदा करेगा।
"ऐसा नहीं होगा कि बेन स्टोक्स और ब्रैंडन मैकुलम सोच रहे होंगे कि जेम्स एंडरसन से जेम्स एंडरसन एंड से गेंदबाजी कराना बहुत बढ़िया रहेगा। वे वही टीम चुनेंगे जो उस समय आस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे मजबूत होगी। जो भी वे तय करेंगे मैच में बिल्कुल खुश हूं।"
जेम्स एंडरसन आगे कहते हैं, "मुझे पता है अगले टेस्ट मैच में मेरे खेलने की कोई गारंटी नहीं है और मैं इसे बिल्कुल समझ सकता हूं कि वह विजेता टीम के साथ बने रहना चाहेंगे। सिलेक्शन मेरे हाथ में नहीं है। मैं सिर्फ अच्छी तैयारी के साथ रहना चाहता हूं, ताकि जब मौका मिले खेलने के लिए तैयार हूं।"
यह भी पढ़ें- 'मेरा बेस्ट भी टीम इंडिया के लिए काफी नहीं था', अब रहाणे की वापसी को एक प्रेरणा के तौर पर देख रहा ये बल्लेबाज
जेम्स एंडरसन करियर के किस पड़ाव पर हैं, यह उनके लिए अपने घरेलू दर्शकों के सामने अंतिम टेस्ट मैच भी हो सकता था। इस पर जिमी लिखते हैं, "मैं करियर के उस दौर में हूं, जहां मुझे नहीं पता कि किस मैदान पर मेरा अंतिम मैच होने जा रहा है। हो सकता है यह ओल्ड ट्रैफर्ड पर मेरा अंतिम होता, लेकिन इस बात को कौन पक्के तौर पर कह सकता है? मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं।"
जेम्स एंडरसन की बात बिल्कुल सही लगती है। क्योंकि इंग्लैंड क्रिकेट टीम एशेज के शुरुआती दो टेस्ट मैचों में हारने के बाद तीसरे मुकाबले में वापसी कर पाई है और वह चौथे टेस्ट मैच में अपनी सबसे मजबूत टीम से कम खिलाने पर सहमत नहीं होने वाले हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाला यह मुकाबला 19 जुलाई से शुरू होगा और इंग्लैंड के पास इस मैच की तैयारी के लिए पर्याप्त समय है।












Click it and Unblock the Notifications