Ashes 2023: बेन स्टोक्स का बड़ा शतक गया बेकार, ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को लगातार दूसरी बार रौंदा
Ashes 2023, ENG vs AUS: एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर से शानदार काम करते हुए इंग्लैंड को हरा दिया। लगातार दूसरे मैच में जीत दर्ज करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। पांचवें दिन के दूसरे सेशन में मेहमान टीम को जीत मिली।
इंग्लैंड ने 371 रनों का पीछा करने का इंटेंट दिखाया लेकिन वह बेन स्टोक्स की पारी के साथ ही समाप्त हो गया। बेन स्टोक्स जब क्रीज पर थे, उस समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड की टीम इस मुकाबले को अपने नाम करेगी लेकिन उनके आउट होते ही पासा पलट गया।

बेन स्टोक्स आज लंच के बाद दूसरे सेशन में पहले घंटे में शानदार खेले और टिके रहे। ड्रिंक्स के बाद वह 155 के स्कोर पर हेजलवुड का शिकार बनाए। तब तक इंग्लैंड ने 300 का आंकड़ा हासिल कर लिया था और ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ रहा था। स्टोक्स के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया ने रॉबिनसन और ब्रॉड को भी चलता किया।
इससे पहले बेन डुकेट 83 रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो के रन आउट पर विवाद हुआ। लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ नारेबाजी भी देखने को मिली। बेन स्टोक्स को दूसरे छोर से अन्य बल्लेबाजों का सहयोग नहीं मिला।
अंत में इंग्लैंड की टीम 327 के कुल स्कोर पर आउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने लगातार दूसरा मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने 43 रनों से मैच अपने नाम किया। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड ने 3-3 विकेट झटके।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए अपनी पहली पारी में 416 रनों का स्कोर हासिल किया था। जवाबी पारी में खेलते हुए इंग्लैंड की टीम 325 रन बनाकर पहली पारी में आउट हो गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 279 रन बनाये। जवाब में चौथी पारी में इंग्लिश टीम 327 पर आउट होकर मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications