बल्ले से गेंदबाजों की धुनाई करने वाले रसेल ने बॉलिंग में बरपाया कहर, अपने नाम किया यह खास रिकॉर्ड
नई दिल्ली, अप्रैल 23। IPL 2022 के 35वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टायटंस आमने-सामने हैं। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर को 157 रनों का लक्ष्य दिया है। गुजरात की ओर से कप्तान हार्दिक पांड्या ने लगातार तीसरी हाफ सेंचुरी जड़ी तो वहीं केकेआर की ओर से धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने गेंदबाजी में कमाल कर दिया। दरअसल, केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने रसेल को पूरे मैच में कोई ओवर नहीं दिया था, लेकिन पारी का आखिरी यानि कि 20वां ओवर अय्यर ने आंद्रे रसेल को थमाया और इस ओवर में उन्होंने ऐसा तहलका मचाया कि हर कोई हैरान रह गया।

रसेल का नाम हुआ यह खास रिकॉर्ड
आंद्रे रसेल ने 20वें ओवर में 5 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया। इस कारनामे के साथ ही उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रिकॉर्ड यह है कि आईपीएल इतिहास में सिर्फ 1 ओवर डालते हुए 4 विकेट निकालने का कारनामा अभी तक कोई गेंदबाज नहीं कर पाया था, लेकिन रसेल ने यह चमत्कार कर दिया। इससे पहले लक्ष्मी रत्न शुक्ला ने साल 2008 और श्रेयस गोपाल ने साल 2019 में 3-3 विकेट लेकर सभी को हैरान किया था। इतना ही नहीं एक ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी आंद्र रसेल के नाम हो गया है।

इन खिलाड़ियों को रसेल ने किया आउट
अपने इकलौते ओवर में आंद्रे रसेल ने जिन बल्लेबाजों को आउट किया उनमें राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, लॉकी फॉर्ग्युसन और यश दयाल का नाम शामिल है। आंद्रे रसेल इस ओवर में हैट्रिक चांस पर भी थे, लेकिन वो पूरी नहीं हो सकी।

इससे पहले भी कुछ ऐसा कर चुके है रसेल
जी हां, आज रसेल ने 1 ओवर में 4 विकेट निकालकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है, लेकिन इससे पहले भी वो इस तरह का कारनामा कर चुके हैं। पिछले साल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले में रसेल ने आखिरी ओवर में ऐसा ही धमाल मचाया था और उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए थे। हालांकि मैच मुंबई ने जीत लिया था।
ये भी पढ़ें: संजू सैमसन ने पंत को मारा ताना, कहा- अपने साथियों पर भरोसा करना जरूरी है












Click it and Unblock the Notifications