BAN vs AFG: अफगानिस्तान के दिग्गज की वापसी, बांग्लादेश के खिलाफ टी20 टीम का ऐलान
Afghanistan team against Bangladesh: बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में कुल 16 नामों को शामिल किया गया है। सीरीज में दो मुकाबले खेले जाने हैं। अफगानिस्तान की टीम में अनकैप्ड तेज गेंदबाज वफादार मोमांद को शामिल किया गया है। शहजाद और हजरतुल्लाह जजई को भी टीम में शामिल किया गया है।
तीन वनडे मैचों की सीरीज से पहले एक जुलाई को अफगानिस्तान की टीम बांग्लादेश पहुँच गई। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम बांग्लादेश में एक टेस्ट मैच खेलने के लिए आई थी। इसके बाद चली गई थी और अब सफेद गेंद सीरीज के लिए आई है। बांग्लादेश ने एकमात्र टेस्ट मैच में जीत दर्ज की थी।

बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज के बाद दो टी20 मुकाबले खेले जाने हैं। एकदिवसीय सीरीज का पहला मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। 5 जुलाई से 11 जुलाई तक चलने वाली सीरीज के मुकाबले ढाका में खेले जाएंगे। इसके बाद टी20 सीरीज के मैच सिलहट में होंगे।
अफगानिस्तान क्रिकेट के चयनकर्ता असदुल्लाह खान का कहना है कि हालिया प्रदर्शन को देखते हुए मोहम्मद शहजाद को टीम में वापस लाया गया है। उनका खेल बेहतरीन रहा है। गौरतलब है कि शहजाद ने साल 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम बार टी20 मुकाबला खेला था। अगले साल टी20 वर्ल्ड कप भी होना है, ऐसे में चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों को परखने का निर्णय भी लिया है।
अफ़सर ज़ज़ई, उस्मान गनी, शराफदुल्लाह अशरफ और पूर्व राष्ट्रीय कप्तान गुबैदीन नायब आदि खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ खेले थे लेकिन इस बार टीम का हिस्सा नहीं बन पाये हैं। इन खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। बांग्लादेश दौरे पर अफगानिस्तान का काम आसान नहीं होने वाला है।
अफगानिस्तान की टी20 टीम
राशिद खान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, मोहम्मद शहजाद, वफादार मोमंद, हजरतुल्लाह जजई, सेदिकुल्लाह अटल, नजीबुल्लाह जादरान, करीम जनत, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फरीद अहमद, फजलहक फारूकी और नवीन-उल-हक।












Click it and Unblock the Notifications