'Abhishek Sharma को सिर्फ तीन गेंद में आउट कर दूंगा', 22 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज का चौंकाने वाला दावा
Abhishek Sharma News: हाल ही में हुए एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर लगातार तीन बार जीत हासिल करते हुए ख़िताब अपने नाम किया। इन जीतों में युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन बेहद धमाकेदार रहा। विश्व के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज अभिषेक ने पाकिस्तान के खिलाफ तीनों मुकाबलों में 189.65 के स्ट्राइक रेट से 110 रन बनाए।
अभिषेक को लेकर पाकिस्तानी गेंदबाज का दावा (Abhishek Sharma News)
सुपर फोर मैच में अभिषेक की 39 गेंदों पर 74 रनों की पारी ने भारत को 172 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल करने में मदद की। जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। अभिषेक शर्मा की इस विस्फोटक बल्लेबाजी के बावजूद पाकिस्तान के गेंदबाज इहसानुल्लाह ने उन्हें लेकर एक चौंकाने वाला दावा किया है। जो सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जमकर वायरल हो रहा है।

'सिर्फ 3 गेंदों में आउट कर दूंगा'
एक वायरल वीडियो में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज इहसानुल्लाह ने कहा कि अगर उन्हें अभिषेक शर्मा को गेंदबाजी करने का मौका मिला तो वह उन्हें आसानी से आउट कर देंगे। इहसानुल्लाह ने कहा कि अगर मैं भारत के खिलाफ खेलता हूं और मुझे अभिषेक शर्मा को गेंदबाजी करने का मौका मिलता है तो वह मुझे हिट नहीं कर पाएगा। उसे आउट करने के लिए मुझे सिर्फ 3 गेंदों की जरूरत होगी।
चोट के कारण एशिया कप से रहे थे बाहर
इहसानुल्लाह ने यह दावा ऐसे समय में किया है जब वह खुद पिछले दो सालों से कोहनी की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी चोट और पीसीबी द्वारा कथित तौर पर किए गए दुर्व्यवहार के कारण उन्होंने इस साल जनवरी में संन्यास लेने का फैसला भी किया था। हालांकि 24 घंटे के भीतर उन्होंने अपना फैसला वापस ले लिया था। वह चोट के कारण हाल ही में हुए एशिया कप में भी नहीं खेल पाए थे।
ऐसा रहा है इहसानुल्लाह का करियर
22 वर्षीय इहसानुल्लाह ने अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू 2023 में किया था। उन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए केवल एक वनडे और चार टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम कुल छह अंतर्राष्ट्रीय विकेट हैं। दुर्भाग्यवश, कोहनी की चोट शुरू होने से पहले उन्होंने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच अप्रैल 2023 में खेला था। एक तरफ पाकिस्तान की टीम 12 अक्टूबर से शुरू हो रही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ की तैयारी कर रही है। वहीं दूसरी तरफ इहसानुल्लाह के इस दावे ने क्रिकेट जगत में एक नई बहस छेड़ दी है।












Click it and Unblock the Notifications