'अगले कप्तान के लिये कोहली ने बढ़ा दिया है स्टैंडर्ड', विराट के कैप्टेंसी छोड़ने पर जानें क्या बोले डिविलियर्स

नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को अचानक कप्तानी छोड़ने के फैसले का ऐलान करते हुए अपने लाखों फैन्स का दिल तोड़ दिया है। विराट कोहली ने यह फैसला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-1 से गंवाने के बाद लिया। विराट कोहली ने अपने कप्तानी करियर में भारत के लिये 68 मैचों में प्रतिनिधित्व किया और 40 मैचों में जीत दिलाकर सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाले कप्तान बने। इस दौरान भारतीय टीम ने 17 मैचों में हार और 11 में ड्रॉ का सामना किया जिसके चलते उनकी जीत 58.83 प्रतिशत हो गई (जो कि सबसे सफल भारतीय कप्तान का है), इस दौरान टीम को विदेशों में कई यादगार जीत भी मिली।
विराट कोहली ने साल 2014 टेस्ट प्रारूप की कप्तानी संभाली थी जब एमएस धोनी संभाली थी लेकिन जब 2015 में धोनी ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया तो कोहली ने पूरी तरह से इस प्रारूप की बागडोर अपने हाथ में ले ली। केपटाउन में खेला गया टेस्ट मैच कोहली के टेस्ट करियर का 99वां मैच रहा। कोहली के अचानक कप्तानी छोड़ने के फैसले ने खेल जगत को हैरान कर दिया है, जिसके बाद कई लोग कारण का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं, तो बहुत सारे लोगों ने कोहली के अदभुत कप्तानी करियर के लिये बधाई दी, जिसकी वजह से वह स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग के बाद टेस्ट क्रिकेट के तीसरे सबसे सफल कप्तान बन गये हैं।
और पढ़ें: 6 सबसे बड़े विवाद जिन्होंने कप्तान कोहली के करियर में बटोरी सुर्खियां
कोहली के इस फैसले पर साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान और आईपीएल में उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथी रह चुके एबी डिविलियर्स ने भी प्रतिक्रिया देते हुए बधाई दी है और खास संदेश लिखा है। कोहली और डिविलियर्स मैदान के अंदर ही नहीं बाहर भी काफी अच्छे दोस्त माने जाते हैं। एबी डिविलियर्स ने ट्विटर का सहारा लेते हुए लिखा कि कोहली आपने बहुत ही शानदार काम किया है, जाहिर तौर पर आपने भारतीय क्रिकेट के अगले कप्तान के लिये मानक बढ़ा दिये हैं।
गौरतलब है कि एबी डिविलियर्स और विराट कोहली आईपीएल में आरसीबी के लिये लगभग एक दशक साथ खेलते नजर आये हैं। जहां पर दोनों के बीच कई बड़ी साझेदारियां भी हुई और दोनों ने टीम के लिये हजारों रन बनाये। इस दौरान जहां पर कोहली ने 6283 रन बनाये तो वहीं पर डिविलियर्स 4491 रन बनाकर लिस्ट में दूसरे पायदान पर रहे। हालांकि जहां कोहली ने आईपीएल समेत खेल के हर प्रारूप की कप्तानी को अलविदा कह दिया है तो वहीं पर सिर्फ आईपीएल में खेलने वाले डिविलियर्स ने भी इस साल खेल के हर प्रारूप में खेलने से संन्यास ले लिया है।
और पढ़ें: 'कप्तानी पर खतरा मंडराते ही भाग खड़े होते हैं विराट', संजय मांजरेकर ने कोहली पर दिया विवादित बयान
आपको बता दें कि सीमित ओवर्स प्रारूप में विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंपी जा चुकी है, हालांकि टेस्ट प्रारूप के लिये बीसीसीआई ने अभी तक किसी नाम का ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि भारत को श्रीलंका के खिलाफ अगली टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें नये कप्तान का ऐलान किया जा सकता है। इस रेस में रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल और ऋषभ पंत का नाम भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications