जाते-जाते 3 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं Aaron Finch, रविवार को खेलेंगे अपना आखिरी वनडे
नई दिल्ली, 10 सितंबर: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिमिटेड ओवर कप्तान और ओपनिंग बल्लेबाज आरोन फिंच (Aaron Finch) ने वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। वह रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर का आखिरी मुकाबला खेलेंगे। ये मैच काज़ली स्टेडियम, केर्न्सो के मैदान पर खेला जाएगा। फिंच ने खराब फॉर्म के चलते 50 ओवर फॉर्मेट से रिटायरमेंट का फैसला लिया। हालांकि, वह T20I में बतौर कप्तान खेलते रहेंगे। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप से पहले आरोन का रिटायरमेंट ऑस्ट्रेलिया और वर्ल्ड क्रिकेट के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
Recommended Video

आखिरी मैच में बना सकते हैं 3 रिकॉर्ड
2013 में श्रीलंका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज करने वाले आरोन फिंच ने इस फॉर्मेट में कई बेहतरीन पारियां खेलकर मैच के रुख को बदला। अपने 9 साल के एकदिवसीय करियर में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। अब जाते जाते भी उनके पास अपने आखिरी वनडे मैच में भी तीन बड़े रिकॉर्ड बनाने का शानदार मौका रहेगा। चलिए जानते हैं, आखिर कौन-कौन से रिकॉर्ड्स के नजदीक खड़े हैं फिंच..

मार्क वॉ को छोड़ सकते हैं पीछे
दाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज आरोन फिंच ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में चौथे पायदान पर आते हैं। 145 एकदिवसीय में उन्होंने 17 शतक ठोके। रविवार को भी अगर वो शतक लगाने में सफल रहे, तो कंगारू टीम की ओर से सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे और मार्क वॉ को पीछे छोड़ देंगे। पूर्व दिग्गज मार्क वॉ ने 244 मैचों में 18 शतक लगाए थे। एक शतक के साथ फिंच के पास उनसे आगे निकलने का बढ़िया मौका रहेगा।

बस 42 रन बनाने के जरूरत
अपने आखिरी वनडे में अगर फिंच 42 रन भी बना लेते हैं, तो एक मिस्टर क्रिकेट के नाम से मशहूर माइक हसी का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। दरअसल, 42 रन बनाने के साथ ही आरोन कंगारू टीम के लिए 50 ओवर फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 13वें खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी इस पायदान पर पूर्व दिग्गज माइकल हसी का नाम आता है। हसी ने 185 वनडे में 48.15 की औसत से कुल 5442 रन बनाए। वहीं, फिंच अभी तक 145 मुकाबलों में 39.13 की औसत से 5401 रन बना चुके हैं।

250 छक्के पूरे करने का मौका
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को बड़े-बड़े शॉट्स खेलने के लिए जाना जाता है। रविवार को अगर फिंच कीवी टीम के खिलाफ सिर्फ 3 छक्के लगाने में सफल रहे, तो इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 250 छक्के पूरे कर लेंगे। तीनों फॉर्मेट में 250 छक्के लगाने वाले आरोन फिंच दुनिया के 17वें और कंगारू टीम के तीसरे खिलाड़ी होंगे। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम गिलक्रिस्ट (262) और डेविड वॉर्नर ने 251 छक्के लगाए हैं। फिंच अभी तक खेले 243 मुकाबलों में 247 छक्के उड़ा चुके हैं।
ओवरऑल तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल (553) के नाम पर दर्ज है।

करियर पर एक नजर
35 वर्षीय आरोन फिंच ने 145 वनडे मैचों में 39.13 की औसत और 87 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 5401 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 30 अर्धशतक देखने को मिले। 2015 में जब कंगारू टीम ने माइकल क्लार्क की कप्तानी में एकदिवसीय विश्व कप जीता था, तब फिंच भी उस टीम का हिस्सा थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए उन्होंने 54 वनडे मैचों में कप्तानी की और 30 मैच जीते और 24 में टीम को हार का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications