'आराम लेना चाहते हो तो फिर IPL और टी-20 से ले लो', वर्ल्ड कप की तैयारियों पर बोले आकाश चोपड़ा
Aakash Chopra on World Cup 2023: आकाश चोपड़ा ने अपने ऑफिश्यली यू-ट्यूब चैनल पर भारतीय टीम के मौजूदा परफॉर्मेंस पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट का स्तर हर दिन के साथ गिरता चला जा रहा है।

Aakash Chopra on World Cup 2023: भारतीय टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से काफी निराशाजनक रहा है। टीम के खिलाड़ी किसी भी फॉर्मेट में रन बनाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। एशिया कप, टी-20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड दौरे पर भी टीम के खिलाड़ियों का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा। अब बांग्लादेश के खिलाफ भी टीम पहले दो मैच हारकर सीरीज गंवा बैठी है। पूर्व टेस्ट सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने टीम के प्रदर्शन को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है।

खिलाड़ियों को मिला है जरूरत से ज्यादा आराम
आकाश चोपड़ा ने कहा कि खिलाड़ियों को बहुत ज्यादा आराम मिल रहा है। सच्चाई तो यह है कि हमारे खिलाड़ी साथ में एक साथ खेल ही नहीं पाते। ब्रेक के बाद वापसी करना उतना आसान नहीं होता। कई बार खिलाड़ियों को लय पकड़ने में ही काफी टाइम लग जाता है। भारत को बेस्ट प्लेइंग इलेवन को लगातार खेलते रहना चाहिए। अगर ऐस नहीं होता है तो परेशानियां ऐसी ही बनी रहेगी।

IPL और टी-20 में मिले आराम
पिछले एक-डेढ़ साल में खिलाड़ियों को बहुत आराम दिया गया है। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन भारत में होना है। साल 2015 और साल 2019 में वर्ल्ड कप को होस्ट करने वाली टीम चैंपियन बनी है। ऐसे में भारत पर काफी दबाव होगा, भारतीय खिलाड़ियों को अगर ब्रेक लेना ही है तो वह टी-20 और आईपीएल मुकाबलों से ब्रेक ले सकते हैं। लेकिन अगले वर्ल्ड कप तक टीम को सही चयन के साथ वनडे में क्रिकेट खेलना होगा।

इंजरी ने बढ़ाई है टीम की मुश्किलें
आकाश चोपड़ा ने वर्कलोड मैनजमेंट को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अगर खिलाड़ियों को इतनी इंजरी हो रही है तो फिर वर्कलोड मैनजमेंट का टीम में क्या काम है। केएल राहुल, अक्षर पटेल, दीपक चाहर लंबे समय तक चोटिल थे। अब रोहित शर्मा, कुलदीप सेन और एक बार फिर दीपक चाहर चोटिल हो गए हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो टीम कभी मजबूत नहीं बन पाएगी। आकाश चोपड़ा ने टीम सिलेक्शन के तरीकों पर भी सवाल खड़े किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications