'मुझे मत रोकिए...,' आकाश चोपड़ा ने सुनाया 19 साल पुराना किस्सा, बताया कौन था MS Dhoni का कंपटीटर
Mahendra Singh Dhoni: दिग्गज एमएस धोनी ने अपने पूरे क्रिकेट करियर में अनगिनत लोगों को प्रभावित किया है और आज भी वह न जाने कितने लोगों के दिलों में बसते हैं। धोनी के प्रति फैंस की दीवानगी हम आईपीएल 2023 में भी देख चुके हैं। उनकी महानता के किस्से भी अंतहीन हैं और उन्हीं में से एक को भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने सुनाया है।
क्रिकेटर से कमेंटेटर बने आकाश चोपड़ा ने 2004 की एक घटना को याद किया, जिसका जिक्र उन्होंने सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो में किया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि साल, '2004 का इंडिया ए का जिम्बाब्वे और केन्या का दौरा, महेंद्र सिंह धोनी उस दौरे पर रिजर्व कीपर के तौर पर गए थे। दिनेश कार्तिक बतौर विकेटकीपर थे जो प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे।'

'धोनी नेट पर जाते हैं और दिनेश कार्तिक को गेंदबाजी करा रहे होते हैं। तब मैं माही से कहता हूं कि, आप गेंदबाजी क्यों कर रहे हो, वो आपके प्रतिद्वंदी हैं। अगर वो अच्छा करते रहेंगे तो आप को मौका नहीं मिलेगा, और वैसे भी आप तो बॉलर हैं नहीं, जाकर विकेटकीपिंग और बैटिंग करिए, तब धोनी ने कहा, मुझे मत रोकिए, मुझे बॉलिंग करनी है, आपको भी बैटिंग करनी है तो कर लिजिए, लेकिन मैं गेंदबाजी करना चाहता हूं।'
आकाश चोपड़ा ने अपने वीडियो में आगे कहा, 'अब जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो मुझे उस घटना का मतलब समझ में आता है। धोनी वहां दिनेश कार्तिक या किसी अन्य से कंपटीशन नहीं कर रहे थे, धोनी का कंपटीशन सिर्फ उन्हीं से था। यही कारण है कि आज धोनी दुनिया के महान क्रिकेटर में से हैं। वो जहां पहुंचे हैं वो अपनी वजह से पहुंचे हैं।'
पूर्व क्रिकेटर ने अपने इस 57 सेकंड के वीडियो में इस एक घटना का जिक्र कर इस बात को बता दिया है कि धोनी जो आज लाखों फैंस के दिलों पर राज करते हैं, वहां तक पहुंचे में उन्होंने बहुत मेहनत की और इसके बाद उन्हें अपार सफलता भी मिली, जिसने अंततः उन्हें दुनिया के महानतम क्रिकेटरों में से एक बना दिया।












Click it and Unblock the Notifications