आकाश चोपड़ा ने चुनी RCB की संभावित प्लेइंग XI, धांसू खिलाड़ी बाहर, विराट-भुवी पर जताया भरोसा
RCB Playing XI: आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले क्रिकेट जगत में प्लेइंग-11 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए अपनी पसंदीदा प्लेइंग-11 का चयन किया है। आकाश चोपड़ा की इस टीम में सबसे चौंकाने वाला फैसला इंग्लैंड के युवा सनसनी जेकब बेथेल को बाहर रखना रहा है, जबकि बेथेल ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में आरसीबी के विदेशी कोम्बिनेशन को लेकर अपनी स्पष्ट राय रखी। उन्होंने फिल साल्ट, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड को अपने पहले तीन विदेशी खिलाड़ियों के रूप में चुना है। सलामी जोड़ी के लिए उन्होंने किसी प्रयोग के बजाय विराट कोहली और फिल साल्ट की अनुभवी जोड़ी पर भरोसा जताया है।

नंबर 3 के स्थान के लिए आकाश ने वेंकटेश अय्यर के ऊपर देवदत्त पडिक्कल को प्राथमिकता दी है, जबकि मध्यक्रम की जिम्मेदारी रजत पाटीदार, टिम डेविड और जितेश शर्मा के कंधों पर रखी है।
गेंदबाजी में कौन संभालेगा मामला?
गेंदबाजी विभाग में आकाश चोपड़ा ने अनुभवी भुवनेश्वर कुमार को टीम का मुख्य हथियार माना है। उन्होंने चौथे विदेशी खिलाड़ी के तौर पर जेकब डफी को चुना है, जो गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे। उनके अनुसार, इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम सुयश शर्मा या रसिक सलाम डार का इस्तेमाल कर सकती है। आकाश ने यह भी भविष्यवाणी की है कि इस सीजन में विराट कोहली टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज होंगे, वहीं भुवनेश्वर कुमार सबसे अधिक विकेट चटकाएंगे।
क्या फिर से टाइटल जीत सकती है RCB
आरसीबी की खिताबी रक्षा की संभावनाओं पर बात करते हुए चोपड़ा ने कहा कि टीम के पास प्लेऑफ तक पहुंचने का पूरा दम है, हालांकि उन्होंने टीम के दोबारा चैंपियन बनने की संभावना को 30 प्रतिशत ही आंका है। उनका मानना है कि यश दयाल की अनुपस्थिति और जोश हेजलवुड की शुरुआती मैचों में अनुलब्धता के कारण भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या को गेंदबाजी में अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी होगी।
आकाश चोपड़ा द्वारा चुनी गई RCB की संभावित XI
विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जेकब डफी, मंगेश यादव।












Click it and Unblock the Notifications