Aaj Ka Match Kon Jeeta 9 March: आज का मैच कौन जीता- भारत vs न्यूजीलैंड फाइनल
Aaj Ka Match Kon Jeeta: चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ फाइनल मुकाबले में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 251 रनों का स्कोर खड़ा किया। कीवी टीम के लिए दो बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाए। भारत ने धांसू अंदाज में स्कोर चेज कर मैच अपने नाम कर लिया और तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी उठा ली।
टॉस जीतकर कीवी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और बल्लेबाजों ने भी बेहतरीन काम किया। विल यंग और रचिन रविन्द्र ने मिलकर नई गेंद पर रन बनाने का सफल प्रयास किया और अर्धशतकीय भागीदारी की।

रोहित शर्मा जल्दी ही स्पिनरों को लेकर आ गए और वरुण चक्रवर्ती ने काम कर दिया। उन्होंने 15 रनों के निजी स्कोर पर विल यंग को चलता किया। इसके बाद कुलदीप यादव आए और तेज खेल रहे रविन्द्र को 37 के निजी स्कोर पर चलता किया। विलियमसन को भी कुलदीप ने 11 के स्कोर पर आउट कर कीवी टीम का स्कोर 3 विकेट पर 75 कर दिया।
यहाँ से डैरिल मिचेल ने मोर्चा संभाला और एक छोर पर टिके। दूसरी तरफ से लैथम आउट हो गए लेकिन बाद में ब्रेसवेल ने क्रीज पर आकर डैरिल मिचेल के साथ एक भागीदारी की। मिचेल फिफ्टी जड़ने के बाद 63 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चले गए।
ब्रेसवेल ने अंतिम गेंद तक टिककर बैटिंग की और 40 गेंदों में 53 की नाबाद पारी खेलकर कीवी टीम का स्कोर 7 विकेट पर 251 तक पहुंचा दिया। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने अच्छा कार्य किया और दोनों ने ही 2-2 विकेट अपने नाम किये।
जवाबी पारी में खेलते हुए रोहित शर्मा और गिल ने भारत को धाकड़ शुरुआत दिलाई। दोनों ने नई गेंद पर जमकर रन बनाए। रोहित ने ताबड़तोड़ खेलते हुए फिफ्टी पूरी कर ली। दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की। 105 के कुल स्कोर पर गिल ने खराब शॉट खेला और फिलिप्स ने हवा में उछलकर एक हाथ से कैच पकड़ा। वह 31 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद दबाव और बढ़ गया जब कोहली 1 रन बनाकर आउट हुए। यहाँ से कीवी स्पिनर रचिन रविन्द्र ने रोहित को 76 के स्कोर पर स्टम्पिंग आउट कर मोमेंटम अपनी तरफ ले गए। वह 83 गेंद में 7 चौके और 3 छक्के जड़कर आउट हुए। इस तरह भारत का स्कोर 27वें ओवर में 3 विकेट पर 122 हो गया।
यहाँ से श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी आ गई, दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। अय्यर बेहतरीन बैटिंग करते हुए सैंटनर की गेंद पर 48 के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। अक्षर पटेल अच्छा खेल रहे थे और स्कोर भी 200 पार हो गया था लेकिन खराब शॉट खेलकर 29 के स्कोर पर आउट होकर चलते बने। यहाँ से हार्दिक पांड्या और केएल राहुल स्कोर को 231 तक लेकर गए और अंतिम 4 ओवर में 21 की दरकार थी और पांड्या 18 रन बनाकर आउट हुए, तब 15 गेंदों में 11 की जरूरत थी।
जडेजा ने 49वें ओवर में चौके से टीम को जीत दिला दी, केएल राहुल ने नाबाद 34 रन बनाए। रोहित का नाम बड़े कप्तानों में शामिल हो गया। टीम इंडिया ने तीसरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी उठा ली। 2002 में दादा की कप्तानी में भारत की टीम श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता थी, इसके बाद 2013 में इंग्लैंड को धोनी की कप्तानी में हराय और आज न्यूजीलैंड को पराजित कर 2000 की चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल की हार का बदला ले लिया। पूरे इवेंट में भारतीय टीम एक भी मैच नहीं हारी।












Click it and Unblock the Notifications