IND vs NZ: रिकॉर्ड बुक में अश्विन-वॉशी ने मचाया धमाल, पुणे और पिंडी दोनों में स्पिनरों ने काटा आज बवाल
India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पुणे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के स्पिनरों ने धमाल मचाया। लम्बे समय बाद टीम में वापसी करने वाले वॉशिंगटन सुंदर ने कीवी टीम की धज्जियाँ उड़ाते हुए कुल 7 विकेट अपने नाम किये। टेस्ट क्रिकेट में पहली बार सुंदर ने ऐसा धमाका किया है।
अश्विन ने भी तीन विकेट झटके और दोनों स्पिनरों ने मिलकर न्यूजीलैंड को 259 पर आउट कर दिया। खास बात तो यह है कि अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर दोनों ही तमिलनाडु से आते हैं। दोनों ने मिलकर अपना काम कर दिया।

स्पिनरों ने झटके सभी विकेट
वॉशिंगटन सुंदर ने 7 और अश्विन ने 3 विकेट लेकर कीवी टीम को आउट कर दिया। यह एक अलग रिकॉर्ड है लेकिन टेस्ट क्रिकेट में कई बार स्पिनरों ने विपक्षी टीमों को आउट किया है। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच रावलपिंडी में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी ऐसा देखने को मिला था। पहले ही दिन कई बार भारत में स्पिनरों ने सभी 10 विकेट झटके हैं। इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला टेस्ट में भी स्पिनरों ने यह कारनामा किया था। इंग्लैंड के खिलाफ आज भी रावलपिंडी में पाकिस्तान के स्पिनरों ने सभी 10 विकेट झटके हैं। इंग्लिश टीम 267 पर आउट हो गई।
बोल्ड करने के मामले में सुंदर का कीर्तिमान
एक टेस्ट की पारी में सबसे ज्यादा बोल्ड आउट करने के मामले में सुंदर ने खास लिस्ट में जगह बनाई है। भारत में वह ऐसा करने वाले पांचवें गेंदबाज हैं। उनसे पहले जसुभाई पटेल, बापू नादकर्णी, अनिल कुंबले और रविन्द्र जडेजा ऐसा कर चुके हैं। सुंदर ने 7 विकेट झटके हैं, जो भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैचों में चौथा बेस्ट आंकड़ा है। एस वेंकटराघवन, इरापल्ली प्रसन्ना ने 8-8 विकेट झटके थे। अश्विन के नाम 7 विकेट है और अब सुंदर भी इस लिस्ट में हैं।
अश्विन ने नाथन लायन को पछाड़ा
रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट के मामले में ऑस्ट्रेलिया के नाथन लायन को पछाड़ दिया। वह लिस्ट में सातवें नम्बर पर आ गए हैं। लायन के नाम 530 विकेट हैं और अश्विन ने इस आंकड़े को पार कर दिया। सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले ऑफ़ स्पिनरों में मुरलीधरन के बाद अश्विन दूसरे स्थान पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications