रोहित शर्मा के एक हवाई शॉट से स्टैंड में बैठी बच्ची हुई घायल, इंग्लैंड का फिजियो स्टाफ पहुंचा इलाज के लिए
लंदन, जुलाई 12। भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में 110 रनों पर समेट दिया है। 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी अच्छी रही है। रोहित शर्मा और शिखर धवन बल्लेबाजी कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान मैदान पर एक अप्रिय घटना देखने को मिली है। दरअसल, रोहित शर्मा के एक शॉट से ग्राउंड में मैच देखने आई एक बच्ची घायल हो गई है। रोहित के बल्ले से निकली गेंद स्टैंड में सीधा बच्ची के शरीर पर जाकर लगी है। इस घटना को देख इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने तुरंत मैच को थोड़ी देर के लिए रोक दिया। वहीं आनन-फानन में इंग्लैंड का फिजियो स्टाफ उस बच्ची के इलाज के लिए दौड़ पड़ा।

कब घटी यह घटना?
दरअसल, यह घटना भारतीय पारी के पांचवे ओवर में घटी, जब डेविड विली गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद जो एक बाउंसर थी उस पर रोहित शर्मा ने एक पुल शॉट खेला। गेंद सीधा बाउंड्री पार जाकर स्टैंड में एक बच्ची को जा लगी। रोहित शर्मा को भले ही इस शॉट के लिए 6 रन मिल गए हों, लेकिन वो भी उस घटना को देखकर काफी हैरान थे। थोड़ी देर के लिए मैच रूका रहा। इस दौरान इंग्लैंड टीम का फिजियो स्टाफ उस बच्ची को देखने के लिए स्टैंड में पहुंचा। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि वो बच्ची एकदम ठीक है!
ये था वो शॉट
110 रन पर सिमटी इंग्लैंड की पारी
आपको बता दें कि इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था, जो एकदम सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार बॉलिंग करते हुए इंग्लैंड को 110 रन पर ऑलआउट कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने सबसे अधिक 6 विकेट अपने नाम किए। बुमराह का यह वनडे करियर में सबसे बेस्ट परफॉर्मेंस था। उन्होंने 7.2 ओवर का स्पेल कर 19 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। बुमराह के अलावा मोहम्मद शमी ने 3 और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लिया।












Click it and Unblock the Notifications