इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं जोफ्रा आर्चर, साल के पहले दिन ट्वीट कर कहा, '2023 मैं तैयार हूं'
2023 का आगाज होते ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी वापसी के संकेत दे दिए हैं। चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर चल रहे जोफ्रा आर्चर अब वापसी करने को तैयार हैं।

साल 2022 को हम अलविदा कह चुके हैं और 2023 का आगाज हो चुका है। क्रिकेट के लिहाज से साल 2023 तमाम क्रिकेटरों के लिए बेहद अहम रहने वाला है, क्योंकि इस साल वनडे विश्व कप होना है और सभी क्रिकेटरों की यह कोशिश है कि विश्व कप तक खुद को तैयार किया जाए। 2023 का आगाज होते ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी वापसी के संकेत दे दिए हैं। चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर चल रहे जोफ्रा आर्चर अब वापसी करने को तैयार हैं। 2023 के पहले दिन आर्चर ने एक ट्वीट कर अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है। आर्चर ने कहा है, "2022 धन्यवाद और 2023 मैं तैयार हूं।"
आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आएंगे जोफ्रा
आपको बता दें कि जोफ्रा आर्चर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में भी वापसी के लिए तैयार हैं। आर्चर को मुंबई इंडियंस ने 8 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन चोट की वजह से आर्चर पिछला सीजन नहीं खेल पाए थे। पिछले सीजन में मुंबई को आर्चर की कमी खली थी। मुंबई इंडियंस को अगले सीजन के लिए जसप्रीत बुमराह के साथ आर्चर की ड्रीम जोड़ी को देखने की उम्मीद है। इसके अलावा जोफ्रा आर्चर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
जोफ्रा ने 2021 में खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच
आपको बता दें कि 2019 विश्व कप में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जोफ्रा आर्चर ने 2021 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। जोफ्रा आर्चर अब 27 जनवरी से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। इसके बाद वो आईपीएल और फिर बांग्लादेश के खिलाफ सीमित ओवरों के दौरे पर भी खेलते हुए नजर आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications