1072 विकेट लेने वाले भारतीय दिग्गज ने लिया संन्यास, IPL में 3 बार हैट्रिक लेने का है रिकॉर्ड
Amit Mishra Retirement: साल 2025 में भारत के कई बड़े क्रिकेटरों ने रिटायरमेंट लिया है और यह लिस्ट लम्बी होती जा रही है। इसमें एक और नाम जुड़ गया है, जो लेग स्पिनर अमित मिश्रा का है। अमित मिश्रा ने टीम इंडिया के लिए हर फॉर्मेट में खेला और आईपीएल में उनकी गेंदबाजी का जलवा रहा है।
अमित मिश्रा ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2017 में खेला था, लेकिन वह घरेलू क्रिकेट और IPL में सक्रिय बने रहे और सबसे हाल ही में 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर खेलते नजर आए।

उन्होंने भारत के लिए कुल 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 156 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए। 2008 में मोहाली में टेस्ट पदार्पण के दौरान, मिश्रा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट लेकर दमदार शुरुआत की।
अमित मिश्रा ने इंटरनेशनल क्रिकेट, घरेलू क्रिकेट और आईपीएल हर जगह तहलका मचाने का काम किया है।उन्होंने टेस्ट में 76, एकदिवसीय क्रिकेट में 64 और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 विकेट हासिल किये थे। घरेलू क्रिकेट के आंकड़े जोड़ने पर वह दिग्गज गेंदबाजों की लिस्ट में चले जाते हैं।
मिश्रा ने 152 प्रथम श्रेणी मैचों में कुल 535 विकेट हासिल किये, इसके अलावा लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 152 मैच खेलकर 252 विकेट झटके थे, टी20 में उन्होंने 259 मैच खेलकर 285 विकेट झटके। इस तरह उन्होंने करियर में कुल 1072 विकेट अपने नाम किये, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
अमित मिश्रा के आईपीएल आंकड़ों की बात की जाए, तो वह सर्वाधिक विकेट वाले आठवें गेंदबाज हैं। आईपीएल में उन्होंने 162 मुकाबले खेलकर 174 विकेट अपने नाम किये। इस दौरान एक बार उन्होंने 5 विकेट झटके और चार बार 4 विकेट लेने का कारनामा किया।
वह आईपीएल में तीन बार हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं। साल 2008 में पहली हैट्रिक लेने के बाद मिश्रा ने 2011 और 2013 में भी हैट्रिक हासिल की। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया।












Click it and Unblock the Notifications