Commonwealth Games 2022: पिता चलाते हैं पान की दुकान, बेटे संकेत ने भारत को दिलाया पहला सिल्वर मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स के 22वें एडिशन का आयोजिन बर्मिंघम में हो रहा है।
बर्मिंघम, 30 जुलाई: कॉमनवेल्थ गेम्स के 22वें एडिशन का आयोजिन बर्मिंघम में हो रहा है। आज इवेंट्स के दूसरे दिन भारत के लिए खुशखबरी आई। भारतीय वेटलिफ्टर संकेत महादेव सरगर ने पुरुषों के 55 किलोग्राम भारवर्ग सिल्वर मेडल जीतकर पदक तालिका में भारत का खाता खोला। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का पहला मेडल है। वहीं मलेशिया के मोहम्मद अनीद ने इसी कैटेगरी में गोल्ड जीता। महाराष्ट्र के सांगली के रहने वाले संकेत महादेव सरगर ने पिछले साल दिसंबर में हुई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में नेशल रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था।

1 किग्रा का अंतर रहा
संकेत ने स्नैच के पहले ही प्रयास में 107 किग्रा, दूसरे प्रयास में 111 किग्रा और तीसरे प्रयास में 113 किग्रा वजन उठाया। वहीं क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में उन्होंने 135 KG का वजन उठाया। लेकिन दूसरे और तीसरे प्रयास में वह विफल रहा। उन्होंने कुल 248 किलोग्राम वेट उठाया और वह दूसरे स्थान पर रहे। वहीं मलेशियाई वेटलिफ्टर मोहम्मद अनीद ने कुल 249 किग्रा वेट उठाया और सिर्फ 1 किग्रा के अंतर से संकेत से आगे निकल गए।
चोट के कारण गोल्ड से चूके
पुरुषों के 55 किग्रा भारोत्तोलन में सिल्वर मेडल जीतने वाले वेटलिफ्टर संकेत सरगर ने रजत पदक जीतने के बाद कहा, "मैं खुश हूं लेकिन दुखी भी हूं क्योंकि मैं स्वर्ण पदक नहीं जीत सका। पिछले 4 सालों से मैंने स्वर्ण पदक के लिए तैयारी की लेकिन कोहनी की चोट के कारण इसे जीत नहीं पाया।"
पापा चलाते हैं पान की दुकान
बता दें कि संकेत स्वभाव से काफी शर्मीले हैं। मुकाबलों के दौरान अपनी टीम के सपोर्ट स्टाफ के अलावा वह अन्य किसी से बात नहीं करते हैं। उनके पिता सांगली में पान की दुकान चलाते हैं। संकेत दुकान में पापा की मदद भी करते हैं। वह चाहते है कि अब उनके पिता आराम करें। संकेत ने इस साल फरवरी में सिंगापुर वेटलिफ्टिंग इंटरनेशनल में 256 किग्रा (स्नैच में 113 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 143 किग्रा) उठाकर कॉमनवेल्थ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया था।












Click it and Unblock the Notifications