CWG 2022: ट्रोलर्स के हत्थे चढ़े वीरेंद्र सहवाग, एक छोटी से गलती पड़ गई भारी
कॉमनवेल्थ गेम्स के 22वें एडिशन का आयोजिन बर्मिंघम में हो रहा है।
नई दिल्ली, 31 जुलाई: कॉमनवेल्थ गेम्स के 22वें एडिशन का आयोजिन बर्मिंघम में हो रहा है। इवेंट्स के दूसरे दिन भारत ने गोल्ड, सिल्वर से लेकर ब्रॉन्ज मेडल समेत वेटलिफ्टिंग में कुल 4 पदक अपने नाम किए। भारतीय वेटलिफ्टर संकेत महादेव सरगर ने पुरुषों के 55 किलोग्राम भारवर्ग सिल्वर मेडल जीतकर पदक तालिका में भारत का खाता खोला। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का पहला मेडल है। उनके अलावा वेटलिफ्टिंग में बिंदियारानी देवी ने 55 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर, मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड मेडल और वेटलिफ्टिंग में ही गुरुराजा ने 61 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता।

हिमा दास का वीडियो वायरल
इसी बीच भारतीय स्प्रिंटर हिमा दास के 2018 खेलों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोगों को लगा कि उन्होंने भी गोल्ड जीता है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी इस गलतफहमी का शिकार हो गए। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं की शुरुआत से तीन दिन पहले हिमा से जुड़े वीडियो को तीन हजार से अधिक लाइक मिले और इसे छह हजार से अधिक बार रीट्वीट किया गया। पिगासस नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए गए इस वीडियो में दावा किया गया है कि हिमा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में 400 मीटर का गोल्ड मेडल जीता।

सहवाग ने दी बधाई
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो दरअसल 2018 में फिनलैंड के टेंपेयर में हुई अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का है। इस इवेंट में असम की धावक ने चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं। इस भ्रामक वीडियो का शिकार सहवाग भी हो गए और उन्होंने ट्वीट कर दिया कि इस स्टार धाविका ने कॉमनवेल्थ गेम्स की 400 मीटर स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है। फिर क्या था सोशल मीडिया यूजर्स ने सहवाग को आड़े हाथों ले लिया और ट्रोलर्स ने उन्हे जमकर ट्रोल किया।

बाद में ट्वीट डिलीट किया
जब सहवाग को अपनी इस गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक इसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अपने ट्वीट में सहवाग ने लिखा था, 'क्या शानदार जीत! भारतीय खिलाड़ियों का शानदार आगाज। कॉमनवेल्थ गेम्स की 400 मीटर स्पर्धा में गोल्ड जीतने के लिए हिमा दास को बहुत बहुत बधाई। फक्र है।' बता दें कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाएं दो अगस्त से एलेक्जेंडर स्टेडियम में शुरू होंगी। हिमा को 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेना है जो चार अगस्त को होगी। स्पर्धा के सेमीफाइनल और फाइनल 5 और 6 अगस्त को होंगे।












Click it and Unblock the Notifications