सोनभद्र पुलिस ने दोहराई लखनऊ पुलिस जैसी करतूत, चेकिंग के लिए नहीं रुका तो मार दी गोली
सोनभद्र। लखनऊ पुलिस का निर्दोष को गोली मारने का करनामा सोनभद्र की पुलिस ने भी दोहरा दिया है। चेकिंग के लिए नहीं रुकने पर पुलिस ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी। दो गोलियां लगने के कारण गंभीर हालत में युवक को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अपने आप को बचाने के लिए पहले घटना को सड़क हादसा साबित करने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। एसपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सिपाही की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मड़िहान थाने के ददरा गांव निवासी 26 वर्षीय रविंद्र कोल गांव में ही स्थित जौनपुरी ढाबे पर वेटर है। उसने हाल ही में अपने हिस्से की जमीन बेंचकर बाइक खरीदी थी। अधिक पैसा कमाने के लिए वह वेटर का कार्य छोड़कर मुम्बई जाने की तैयारी में था। किसी ने उसे अपनी आर्थिक हालत में सुधार के लिए ताबीज पहनने की सलाह दी। उसी ताबीज को लेने के लिए ढाबा से फ्री होकर वह सोनभद्र के सुकृत जा रहा था।
जा रहा था ताबीज लेने, पुलिस ने मार दी गोली
सोनभद्र की सीमा में करमा थाने के कुचमरवा गांव के पास पुलिस ने चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया। गाड़ी के कागज और लाइसेंस नहीं होने के कारण वह रुका नहीं। इस पर पुलिस ने पीछा कर उसे दो गोलियां मार दीं। हाथ और पैर में गोली लगते ही रविंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर गया। पुलिस ने उसे पीएचसी पहुंचाया और उसके घर हादसे में घायल होने की जानकारी दी। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और रविंद्र से घटना की जानकारी मिली तो पुलिस धीरे से खिसक गयी।
पुलिस ने तत्काल खंगाला आपराधिक इतिहास
रविंद्र को गोली मारने के तत्काल बाद खुद बचने के लिए पुलिस ने उसका आपराधिक इतिहास खंगालना शुरू किया लेकिन, एक भी अपराध नहीं मिला। सोनभद्र के एसपी सलमान ताज पाटिल का कहना है कि इस घटना के बाद युवक की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कराई गई। जांच में कोई भी मामला सामने नहीं आया। युवक एक सामान्य परिवार से है। पुलिस के रिकॉर्ड में रविंद्र कोल के खिलाफ जिले के किसी भी थाने में कोई मामला दर्ज नहीं है। यहां तक कि शांतिभंग में भी कभी उसका चालान नहीं किया गया है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की तरफ से की गई कार्रवाई उन पर भारी साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications