हेलमेट नहीं पहना तो पुलिसवालों ने सड़क पर घसीटकर पीटा, दर्ज हुआ हत्या के प्रयास का मुकदमा
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में दो पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने के मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले सोशल मीडिया पर दोनों पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई थी। बता दें कि वायरल वीडियो में चौकी इंचार्ज वीरेन्द्र मिश्र व मुख्य आरक्षी महेन्द्र प्रसाद एक युवक को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे थे।

क्या है मामला
मामला सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थानाक्षेत्र के सकारपार पुलिस चौकी का है। यहां मंगलवार को चौकी प्रभारी देवेंद्र मिश्र व एक तैनात हेड कॉन्स्टेबल वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान अपने भतीजे के साथ सामान लेने गया रिंकू पांडेय नाम का शख्स वहां से गुजरा, जिसे इन पुलिसकर्मियों ने वाहन चेकिंग के नाम पर रोक लिया। रिंकू के पास गाड़ी के कागजात नहीं थे। उसने हेलमेट भी नहीं पहन रखा। रिंकू ने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह बगल के ही गांव का है और यहां किसी काम के कारण आया था। इसपर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने रिंकू को लात-घूसे से पीटा और उसे गालियां भी दी।

मिन्नतें करता रहा भतीजा
चाचा के साथ मौजूद भतीजा पुलिस वालों से छोड़ देने की मिन्नतें करता रहा। हाथ जोड़कर उसने माफ करने की बात कही। लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसकी एक न सुनी। इसी बीच किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसपी डॉक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि, वीडियो की जांच की गई। प्राथमिक जांच में दोनों पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। जिस पर चौकी इंचार्ज वीरेन्द्र मिश्र व मुख्य आरक्षी महेन्द्र प्रसाद निलम्बित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर उठी कार्रवाई की मांग
इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर विभागीय जांच का आदेश दिया गया। लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ जनता ने आवाज उठाई और इस कार्रवाई को ना काफी बताया। साथ ही मामला मीडिया की सुर्खियों में आया तो यूपी पुलिस ने अब दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications