शिमला: खाई में गिरी बेकाबू बोलेरो, दो लोगों की मौत, सात घायल
शिमला। हिमाचल प्रदेश में उपमंडल शिमला ग्रामीण के थाना ढली में एक बोलेरो के खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, बोलेरो ठियोग के धर्मुपर से धामी शादी में बारातियों को लेकर जा रही थी, लेकिन सुबह करीब 4ः30 बजे बसंतपुर के पास बलदेयां के स्वांक्यार में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की वजह तेज गति और लापरवाही माना जा रहा है। गाड़ी में चालक समेत नौ लोग सवार थे। मृतकों की पहचान तिलक राम (48) पुत्र तुलाराम निवासी परलोग करसोग तथा चमन लाल (34) पुत्र यशपाल कंडी धर्मपुर ठियोग के तौर पर हुई है। नागरिक अस्पताल सुन्नी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
Recommended Video

घायल हुए दो लोगों की हालत गंभीर
घायलों में चार लोगों को आईजीएमसी भेजा गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर है। दो अन्य घायलों का सुन्नी अस्पताल में उपचार चल रहा है। चालक को हल्की चोटें आई है। घटना की सूचना मिलते ही सुन्नी से अग्निशमन बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों के साथ बचाव और राहत कार्य शुरू किया। लगभग 200 मीटर ढलानदार जगह पर राहत कर्मियों को घायलों को निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुछ लोग गाड़ी में और गाड़ी के नीचे फंसे थे।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए घायल
ढली से थाना प्रभारी राजकुमार और मशोबरा से एएसआई इंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी ढली ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में हरीश पुत्र तुलाराम धरोगड़ा, भीम सिंह, हेम कृष्ण, वीर सिंह, हेमराज और मेघ सिंह निवासी खनयोल करसोग एवं चालक महेश भोगड़ा निवासी धर्मपुर घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications