Shahjahanpur Accident: यूपी के शाहजहांपुर में बाइक और ईको की टक्कर में 6 युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम
Shahjahanpur accident: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सोमवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके में कोहराम मचा दिया। मदनापुर थाना क्षेत्र में एक बाइक और ईको वाहन के आमने-सामने की भिड़ंत में छह युवकों की जान चली गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और वह मौके पर ही जलकर राख हो गई।
यह हादसा रात करीब 11 बजे ग्राम काबिलपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ईको वैन और डिस्कवर बाइक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको में सवार सुधीर (40) और सोनू (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार चार युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सभी ने दम तोड़ दिया।

19 से 20 साल के युवकों की जिंदगी थम गई
हादसे में बाइक सवार रवि (20), आकाश (20), दिनेश (19) और अभिषेक (19) गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें से रवि, आकाश और दिनेश की मौत तो अस्पताल में होते ही हो गई, जबकि अभिषेक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी जान चली गई। सभी युवक शाहजहांपुर के नजरपुर गांव के रहने वाले थे।
जलकर खाक हुई बाइक
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक, बाइक टक्कर के बाद आग पकड़ चुकी थी और पूरी तरह जल गई। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मोर्चरी भिजवाया गया है। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में मातम पसर गया।
पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वालों की सूची भी जारी कर दी है। इसमें ईको सवार सुधीर और सोनू बरेली जिले के करनपुरकलां गांव के निवासी थे। वहीं बाइक सवार चारों युवक शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र के नजरपुर कस्बे से थे। युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications