डिलीवरी के बाद डॉक्टरों ने महिला के पेट में छोड़ा कपड़ा, जिंदगी-मौत से जूझ रही पीड़िता
शाहजहांपुर, 21 जुलाई: यूपी के शाहजहांपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता के पेट में ही कपड़ा छोड़ दिया गया। गंभीर हालत में पीड़िता को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां ऑपरेशन के बाद उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। इस मामले की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने तीन सदस्यीय टीम बनाई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जनवरी में हुई थी डिलीवरी
तिलहर थानाक्षेत्र के रामापुर उत्तरी के मनोज की पत्नी नीलम ने इसी साल छह जनवरी को शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद एक बेटी का जन्म दिया था। आरोप है कि इस ऑपरेशन के दौरान नीलम के पेट में एक कपड़ा छोड़ दिया गया। महिला के पति मनोज के मुताबिक, बेटी के जन्म के बाद उसकी पत्नी के पेट में दर्द की शिकायत रहती थी। उन्होंने कई प्राइवेट डॉक्टरों से दवा ली, लेकिन फायदा नहीं हुआ। परेशान होकर उन्होंने 21 जुलाई को पत्नी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सीटी स्कैन करने के बाद पता लगा कि नीलम के पेट में डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन के दौरान कपड़ा छोड़ दिया गया है। इसके बाद ऑपरेशन करके नीलम के पेट से कपड़ा निकाला गया।
महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया, जांच शुरू
परिजनों के मुताबिक, नीलम लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती है। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस मामले में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य राजेश कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जांच टीम बनाई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications