Satna News: नौतपा के आखिरी दिन बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी से कहीं पेड़ तो कहीं बिजली के खंभे गिरे
Satna News: मध्य प्रदेश में नौतपा के आखिरी दिन सतना में मौसम ने करवट ली और तेज हवा के झोंकों के साथ तेज बाैछारें होने लगीं। लोगों ने गर्मी से राहत मिली है, लेकिन तेज आंधी ने जिले के कई इलाकों को तहस-नहस कर दिया है।
सतना और मैहर जिले के कई इलाकों में रविवार की दोपहर आंधी-तूफान आया। आंधी के साथ कई जगहों पर बारिश भी हुई। इससे एक ओर जहां मौसम सुहाना हो गया वहीं कई जगहों पर पेड़ गिरने और इमारतें क्षतिग्रस्त होने के भी मामले सामने आए।

पिछले 8 दिनों तक तापमान के रिकार्ड तोड़ने पर उतारु रहे नौतपा के आखिरी दिन मौसम का मिजाज नरम पड़ गया। अधिकतम तापमान गिरकर 32 डिग्री पर जा पहुंचा और तेज चली हवा के साथ हुई बारिश ने बीते आठ दिनों में जानलेवा बन गए नौतपा की विदाई खुशनुमा मौसम के साथ कर दी। बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दे दी। यह स्थिति सिर्फ सतना ही नहीं सतना और मैहर जिले के कई ग्रामीण और कस्बाई अंचलों की भी रही।
गौरतलब है कि नौतपा की शुरुआत 25 मई को 40 डिग्री तापमान के साथ हुई थी लेकिन जैसे जैसे दिन गुजरते गए पारा चढ़ता गया। नौतपा के दौरान सतना का तापमान 47 डिग्री से भी ऊपर निकल गया और हीट वेव ने न केवल कई लोगों को अपनी चपेट में ले कर बीमार कर दिया बल्कि दो जानें भी गर्मी ने निगल लीं।












Click it and Unblock the Notifications