Satna News: कर्मचारी को अनूठी विदाई, आरआई रिटायर हुआ तो तहसीलदार ने खुद कार चलाकर घर तक छोड़ा
Satna News:
Satna News: मध्यप्रदेश के सतना जिले के तहसीलदार ने ऐसी मिसाल पेश की है। जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। दरअसल, तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक के रिटायरमेंट पर अनोखे अंदाज में विदाई दी। वर्षों से बतौर राजस्व निरीक्षक सेवाएं देने वाले सुरेश स्वर्णकार सोनी को भी ऐसी विदाई की उम्मीद नहीं थी।
अमरपाटन तहसीलदार डॉक्टर शैलेंद्र बिहारी शर्मा ने स्टेरिंग व्हील सम्भाली और राजस्व निरीक्षक सुरेश स्वर्णकार सोनी को बगल में बिठा कर घर पहुंचाया। तहसीलदार के इस तोहफे से आरआई सुरेश सोनी भी भावुक हो गए।

राजस्व निरीक्षक सुरेश और उनके परिवार के लिए ये कभी न भूल पाने वाले पल रहे तो वहीं तहसीलदार को जिसने भी ड्राइविंग करते देखा उसने भी तारीफ की। सबने कहा अधिकारी हो तो ऐसा। तहसीलदार ने सुरेश को घर पहुंचाने के साथ ही उन्हें अभूतपूर्व सेवाओं के लिए साधुवाद दिया।
Recommended Video

सुरेश और शैलेंद्र बिहारी दोनों के लिए ये कभी न भूलने वाले पल थे। सुरेश पिछले 40 सालों से अमरपाटन तहसील क्षेत्र में ही सेवायें दे रहे थे। 30 जून को रिटायर हुए तो खुशियों के साथ दिल में दर्द भी था। ऐसे समय में तहसीलदार ने खुशियों की सौगात दी। सुरेश ने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरे रिटायरमेंट पर कोई अधिकारी मुझे इस तरह से विदाई देगा आज का दिन मेरे और मेरे परिवार के लिए यादगार रहेगा।

तहसीलदार डॉक्टर शैलेंद्र बिहारी शर्मा ने बताया कि सुरेश स्वर्णकार सोनी का व्यवहार बहुत आत्मीय था। ऐसा कभी नही लगा कि ये राजस्व निरीक्षक हैं। एक परिवार के सदस्य की तरह रहे और अपने काम के प्रति समर्पित रहे। आज सुरेश सोनी सेवानिवृत्त हुए इनकी कमी हमेशा खलेगी। मैंने सुरेश सोनी को आगे की सीट पर बिठा कर खुद गाड़ी चला कर उन्हें सम्मान के साथ घर तक पहुंचाया मेरे लिए भी ये लम्हे यादगार रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications