Satna News: चित्रकूट में बारिश और ओलावृष्टि से टूटी किसानों की कमर, फसल नुकसान के मुआवजे की आस
MP Weather Today: मध्य प्रदेश के सतना जिले में बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। इसके अलावा चना, अरहर और सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। खासकर चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में ओलावृष्टि के कारण 10 से 11 गांव की फसल बर्बाद हो गई है।
जानकारी अनुसार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुई बारिश से किसानों को बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान चुवा, खेरवा, पात्थर कछार, कामता, नयागांव, पथरा, पालदेव और चौबेपुर गांव में हुआ है।

यहां पर तेज बारिश के साथ ही भारी ओलावृष्टि भी हुई है। गेहूं व सरसों की फसलों में बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। इससे फसल गिर गई हैं, जिससे पैदावार में करीब 40 से 50 फीसद तक की कमी हो सकती है।
बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि के कारण खेरवा ग्रामपंचायत के रहने वाले किसान शिव कुमार की फसल खराब हुई। ओलावृष्टि के कारण तबाह फसल को देखकर अपना माथा पीट रहे हैं। वन इंडिया हिंदी के रिपोर्टर राकेश पटेल को बताया कि पिछले कई सालों से फसलें पूरी तरह नहीं मिल पा रही है। इस साल थोड़ी बहुत उम्मीद थी लेकिन ओलावृष्टि की मार से वो भी खत्म हो गई है।

दूसरे किसान रघुवीर ने बताया कि लगातार हम किसानों के साथ ऐसा ही होता आ रहा है। फसलें चौपट हो चुकी है। सरकार कितनी मदद करेगी और अगर करेगी भी तो उसके पहले पटवारी के हाथ जोड़ो, तहसीलदार से मिन्नते करो तब जाके हजार, दाे हजार रूपया मिल पाएगा।
अब फसल बर्बाद होने के बाद महंगाई के चलते उनके लिए खेती का लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने मांग की कि प्रभावित इलाके का सर्वे कराकर सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की पहल करे।












Click it and Unblock the Notifications