Satna News: थाने में चल रहा था जाम पर जाम, टशन दिखाने के चक्कर में वायरल हो गई तस्वीर, मिली ये सजा
Satna News: मध्य प्रदेश के सतना की रेडियो शाखा के कार्यालय को मयखाना बनाना शाखा प्रभारी सब इंस्पेक्टर को महंगा पड़ गया। फोटो वायरल होने पर एसपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो विजय कुमार खत्री ने सतना पुलिस की रेडियो शाखा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित सब इंस्पेक्टर को निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता के साथ रेडियो मुख्यालय जबलपुर अटैच कर दिया गया है।

आपको बताते चलें कि बुधवार को सोशल मीडिया पर सब इंस्पेक्टर राजेश पांडेय की एक तस्वीर वायरस हुई थी। तस्वीर में राजेश पांडेय हाफ पैंट-टीशर्ट और स्लीपर पहन कर कार्यालय में बैठे नजर आ रहे थे। उनके बाजू में एक स्टूल पर शराब से भरा एक गिलास भी रखा था जबकि सामने की तरफ बैठे एक दूसरे युवक के हाथ मे मोबाइल फोन था जिसकी स्क्रीन पर कोई आपत्तिजनक फोटो भी नजर आ रहा था।
फोटो वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार खत्री को इस पर एसपी रेडियो रीवा ने प्रतिवेदन प्रेषित किया था। एसएसपी ने सब इंस्पेक्टर एवं सतना पुलिस की रेडियो शाखा के प्रभारी राजेश पांडेय के इस कृत्य को अनुशासन के विपरीत आचरण और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाला मानते हुए उन्हें निलंबित करने का आदेश दे दिया।
गौरतलब है कि मैहर जिले के अमरपाटन थाना में पदस्थ 2 आरक्षकों को भी वसूली करने और दूसरे थाना क्षेत्र में जा कर दो युवकों को जबरिया नशे के कारोबार में संलिप्त बता कर उनसे 90 हजार रुपए वसूलने के आरोप में निलंबित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications