विवाहिता और उसकी बहन को ससुराल वालों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, Video वायरल
भदोही में विवाहिता और उसकी बहन को ससुराल वालों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पुलिस ने पांच के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
भदोही, 04 अगस्त : भदोही जिले से युवती के साथ मारपीट का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवती को तीन चार लोग मिलकर मारपीट रहे हैं। यह मामला भदोही जिले के सुरियावा नगर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक भदोही ने थानाध्यक्ष को जांच कर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है।

डेढ़ साल भर पहले हुई थी शादी
भदोही जिले के जंगीगंज की रहने वाली वैशाली जायसवाल की शादी सुरियावा नगर में एक युवक के साथ करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। आरोप है कि वैशाली के ससुराल वाले दहेज के लिए उसे बार-बार प्रताड़ित कर रहे थे। इस बात की शिकायत वैशाली ने अपने मायके के लोगों से किया। वैशाली द्वारा शिकायत किए जाने के बाद सोमवार को उसकी छोटी बहन उससे मिलने के लिए सुरियावा में उसके ससुराल आई।

ससुराल वालों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
आरोप है कि वैशाली की बहन जब उससे मिलने पहुंची तो ससुराल के लोगों और उसके बीच कहासुनी हो गई। इसी के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने वैशाली और उसकी बहन को दौड़ा दौड़ा कर मारा पीटा। इस दौरान वहां पर मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक महिला और एक युवती को दो तीन पुरुष पीट रहे हैं। महिला और युवती द्वारा लोगों से बचाने के लिए गुहार लगाई जाती है लेकिन कोई मदद नहीं करता है।

पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
इस मामले में वैशाली और उसकी बहन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंची। दोनों ने वीडियो दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की। पुलिस अधीक्षक द्वारा थानाध्यक्ष को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इस मामले में ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications