भदोही में पटाखे जलाने को लेकर मारपीट, युवक की मौत व दो घायल
भदोही कोतवाली इलाके में दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि दो अन्य घायलों का ट्रामा सेंटर में चल रहा है
दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर भदोही में दो पक्षों में मारपीट हो गई, मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने के चलते एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना सोमवार देर रात की है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। वहीं दोनों घायलों को पहले राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। सुबह में काफी संख्या में महिलाएं और पुरुष विवेकानंद चौराहे पर पहुंच गए और वहां पर सड़क जाम करने का प्रयास किए। हालांकि पुलिस द्वारा उन्हें समझा-बुझाकर हटा दिया गया। घटना को देखते हुए घटनास्थल के समीप भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पटाखे जलाने से मना करने पर हो गई मारपीट
बताया जा रहा है कि भदोही जिले के नई बाजार कस्बे में सोमवार की देर रात करीब एक बजे गुलौरा निवासी कुछ युवक चांदनी चौक मोहल्ले में पटाखे जला रहे थे। स्थानीय लोगों द्वारा उनको मना किया गया लेकिन वे लोग नहीं मानें। पटाखे की आवाज से परेशान लोग युवकों के पास गए और उन्हें वहां से भगाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर हाथापाई होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर हमलावर हो गए मारपीट में गुलौरा निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र सोनकर को गंभीर चोट आई। उसके साथ के लोग उसे अस्पताल पहुंचाते हैं उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

दूसरे पक्ष से भी दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस मारपीट में जहां एक पक्ष के जितेंद्र सोनकर की मौत हो गई वहीं दूसरे पक्ष के पप्पू मोदनवाल और महेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को रात में ही राजकीय चिकित्सालय में पहुंचाया गया, वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। जिसमें एक युवक को बीएचयू ट्रामा सेंटर तथा दूसरे को भदोही में ही किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का उपचार चल रहा है स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

घटनास्थल पर कई थानों की फोर्स
घटना की सूचना मिलने के बाद रात में ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को में तनाव को देखते हुए रात में ही वहां पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। सुरियावा, चौरी, औराई सहित अन्य थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची उसके बाद हालात पर काबू पाया गया। दोनों बच्चे के लोगों द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है, तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिया गया उसके बाद आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए।

एसपी बोले सीसीटीवी के आधार पर होगी जांच
इस बारे में पुलिस अधीक्षक भदोही डॉक्टर अनिल कुमार द्वारा बताया गया कि सोमवार की देर रात्रि में पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई है जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां पुलिस की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि घटनास्थल पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर मारपीट करने वालों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications