Bhadohi : MLA विजय मिश्रा के भतीजे मनीष को पुलिस ने किया गिरफ्तार
भदोही, 8 दिसंबर: यूपी के भदोही जनपद की ज्ञानपुर विधानसभा सीट से बाहुबली विधायक विजय मिश्रा के भतीजे मनीष मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विधायक विजय मिश्रा पर रेप का केस दर्ज कराने वाली युवती को धमकाने और पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडे के भाई की हत्या के मामले समेत अन्य मामलों में ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा आरोपी है। डीघ ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्रा को गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तारी के दौरान मनीष मिश्रा के पास से एक कार और 9 लाख 65 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मनीष मिश्रा पर अभी तक कुल 18 मुकदमे दर्ज रहे हैं।

रेप पीड़िता ने मनीष पर लगाया धमकाने का आरोप
भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली में वाराणसी की रहने वाली एक गायिका ने बाहुबली विधायक विजय मिश्रा समेत तीन पर रेप का केस दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक, वाराणसी के जैतपुरा थाने में विजय मिश्रा पर रेप का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता ने मनीष मिश्रा व अन्य लोगों पर धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक, मनीष मिश्रा पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडे के भाई रामेश्वर पांडे की हत्या के मामले में भी आरोपी है।
गोपीगंज पुलिस ने मनीष मिश्रा को किया गिरफ्तार
एसपी डॉ अनिल कुमार ने बताया कि वाराणसी के जैतपुरा थाना में रेप पीड़िता के द्वारा धमकाने के दर्ज मुकदमे के मामले में वाराणसी पुलिस ने हुक्म तहरीरी दी थी। भदोही जिले की गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए विधायक विजय मिश्रा के भतीजे मनीष मिश्रा को गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications