Bhadohi News: आठ साल की मासूम बच्ची संग गंभीर वारदात, आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक परेशान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मासूम बच्ची को घर से उठाकर सिवान में ले जाने के बाद एक शख्स ने दुष्कर्म किया । यह मामला गुरुवार रात का है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह पूरा मामला सुरियावां थाना क्षेत्र का है, जहां आठ साल की बच्ची घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान उसे चुपचाप उठाकर पास के सुनसान इलाके में ले जाया गया और फिर बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
मोबाइल लोकेशन से मिली अहम सुराग
पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके आधार पर सबसे पहले एक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने चार अन्य दोस्तों के साथ इलाके में शराब पी रहा था।
उसने यह भी बताया कि उसके एक साथी ने नशे की हालत में उसका मोबाइल चुरा लिया और वहां से चला गया। पुलिस ने जब लोकेशन ट्रैक की ताो कहानी सामने आई। पुलिस ने इस मामले में जांच आगे बढ़ाई।
मुख्य आरोपी ने भागने की कोशिश की
पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जौनपुर जिले के कुशा गांव पहुंची। रात करीब साढ़े आठ बजे एक युवक पुलिया पर बैठा मिला। जैसे ही पुलिस जीप रुकी, वह दौड़कर भागने लगा और फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे पकड़कर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिया पर अक्सर इकट्ठा होते हैं शराबी
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जानकारी दी कि इस घटना में शामिल युवक अक्सर कुशा पुलिया के पास इकट्ठा होकर शराब पीते थे। उनमें से कुछ का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
यह भी संदेह है कि आरोपी पहले से कई अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस उसके नेटवर्क और साथियों की गहन छानबीन कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम हो सके।
वाराणसी में पीड़ित बच्ची का इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। बाल कल्याण समिति और चाइल्डलाइन जैसी संस्थाएं भी परिवार से संपर्क में हैं ताकि बच्ची को काउंसलिंग और अन्य सहायता मिल सके।
वहीं इस मामल में पीड़िता के पिता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण, गंभीर अपराध और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि चार्जशीट जल्द दाखिल कर कोर्ट से सख्त सजा दिलाई जाएगी। पुलिस ने इसे प्राथमिकता पर लेते हुए 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई की है।












Click it and Unblock the Notifications