संत कबीर नगरः बेटों के न आने पर पत्नी ने पति को दी मुखाग्नि, मुंबई में फंसे हुए हैं बच्चे
संत कबीर नगर। देश में कोरोना का असर बढ़ता जा रहा है। इसको रोकने के लिए तीन मई तक लॉकडाउन है। ऐसे में कोई कहीं भी आवागमन नहीं कर पा रहा है। इस दौरान कई ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिसने हम सभी को झकझोर कर रख दिया। कहीं परिजनों को किसी अपने की लाश देखने को नहीं मिली तो कहीं किसी की अर्थी को कंधा देने वाला नहीं मिला। ताजा मामला संतकबीरनगर का है, जहां लॉकडाउन के बीच बेटों के न होने के कारण एक पत्नी को अपने पति का अंतिम संस्कार करना पड़ा।

दरअसल बच्चों के मुम्बई में होने और लॉकडाउन की वजह से घर नही आ पाने के चलते पत्नी ने पति के अंतिम संस्कार का निर्णय लिया। धनघटा थाना क्षेत्र के लहूरेगांव के 60 वर्षीय राम उदित शर्मा का देहांत हो गया। वे काफ़ी दिनों से बीमार चल रहे थे। लॉक डाउन के चलते इलॉज नही हो पाने से उनकी तबियत बिगड़ती गयी और गुरुवार को राम उदित शर्मा की मौत हो गयी।
मौत के बाद परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा। बेटों के मुंबई में होने की वजह से लॉक डाउन के चलते नही आ सके। घर मे परिवार का कोई और सदस्य नही होने से पत्नी ने पति के अंतिम संस्कार की रस्म निभाई। सरयू नदी के किनारे पत्नी के अपने पति का अंतिम संस्कार किया।
इसके अलावा बुधवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई, जहां लॉकडाउन के दौरान दवा लेने जा रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर इतना डर गया कि वह लाठी से बचने के लिए नदी में कूद गया। इस दौरान पुलिस ने मल्लाहों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद उसको बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक असित श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जानकारी हुई है, सीओ स्तर से जांच कराई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गो निवासी 50 वर्षीय शिवकुमार बुधवार की सुबह दवा लेने के लिए गोरखपुर जिले के सिकरीगंज कस्बे में जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications