संतकबीर नगर में पुलिस पर युवक की पिटाई का आरोप, अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना
संतकबीर नगर, 8 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर में पुलिस पर एक व्यापारी को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। व्यापारी को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उन्हें घर से उठा ले गई और पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को भय-युक्त कर दिया है।

क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, संतकबीर नगर में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस एक पक्ष के शैलेंद्र वर्मा को उठा ले गई और थाने में जमकर पीटा। शैलेंद्र के भाई सुधीर का कहना है कि पुलिस ने शैलेंद्र को लाठियों से पीटा, जिससे वह लहूलुहान होकर बेसुध हो गया। सुधीर का आरोप है कि पुलिसवालों ने अपनी वर्दी खुद फाड़ ली, बिल्ले नोंचे और उन लोगों पर फर्जी केस दर्ज करने की धमकी दी। सुधीर ने कहा कि पुलिस ने यहां तक कहा कि वह अपनी जीप में आग लगा लेंगे और उन लोगों पर आरोप लगा देंगे। इस मामले में पुलिस ने कहा कि आपसी विवाद के बाद दोनों पक्ष धनघटा थाने पर पहुंचे और आपस में भिड़ गए। बीच बचाव में ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही भी जख्मी हुआ है। एक पक्ष के युवक को ज्यादा चोट लगी, जिसका गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले उपचार चल रहा है।
'भाजपा ने उप्र को भय-युक्त कर दिया है'
अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा, 'संत कबीर नगर में थाने में बंद व्यापारी के साथ बर्बरता गोरखपुर कांड की पुनरावृत्ति है। इसमें अच्छे-से-अच्छा इलाज और सच्ची जांच हो। इससे यूपी के कारोबारी भयभीत हैं। इससे यूपी में कारोबारी माहौल और होटल व्यवसाय पर बहुत ख़राब असर पड़ा है। भाजपा ने उप्र को भय-युक्त कर दिया है।'












Click it and Unblock the Notifications