'PM मोदी भगवान का अवतार हैं, तो राजनीति में क्या कर रहे हैं', गुलाब देवी के बयान पर बोले सपा सांसद
यूपी की योगी सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान का अवतार बताया है। उन्होंने कहा कि वह जब तक चाहें यहां तक कि पूरे जीवन प्रधानमंत्री बने रह सकते हैं। गुलाब देवी के इस बयान पर सियासत गरमा गई है। संभल से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने इस बयान को लेकर गुलाब देवी को घेरा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अवतार हैं, तो वह राजनीति में क्या कर रहे हैं? देश की राजनीति में उनका क्या काम है?

'कद बढ़ाने के लिए चमचागिरी वाले बयान दे रही हैं गुलाब देवी'
सपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी को तो इस्तीफा दे देना चाहिए और फिर लोगों को उनकी पूजा पाठ करनी चाहिए। बर्क ने गुलाब देवी पर हमला बोलते हुए कहा कि गुलाब देवी अपना रुतबा और कद बढ़ाने के लिए ऐसे चमचागिरी वाले बयान दे रही हैं। बता दें, संभल में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में गुलाब देवी ने पीएम मोदी को भगवान का अवतार बताया था। उन्होंने कहा था, ''माननीय मोदी जी एक अवतार के रूप में हैं। ये असाधारण प्रतिभा है। उनका मुकाबला कोई नहीं कर सकता है। अगर वह चाहे तो जब तक उनका जीवन है, तब तक वह प्रधानमंत्री रहेंगे। ये अटकलबाजियों से वह प्रधानमंत्री पद से हटने वाले नहीं हैं। न कोई दूसरा व्यक्ति आने वाला है। अटकलबाजियों से थोड़े कुछ होता है।''
सपा सांसद बर्क ने केजरीवाल पर भी किया हमला
सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नोटों पर भगवान की फोटो वाले बयान पर भी पलटवार किया। बर्क ने इसे राजनीतिक बयान बताते हुए गलत ठहराया है। बता दें, केजरीवाल ने बुधवार प्रेस वार्ता कर यह कहा था कि सरकार को करंसी पर भगवान लक्ष्मी-गणेश की तस्वीर छपवानी चाहिए। इससे भारत की आर्थिक स्थिति में उछाल आएगा।












Click it and Unblock the Notifications