Viral Video: हापुड़ के बाद अब इस जिले में बवाल, दवा लेने पहुंचे अधिवक्ता को डॉक्टर ने पीटा
हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज का बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि संभल से एक और अधिवक्ता की पिटाई का मामला सामने आ गया। लेकिन इस बार पिटाई करने वाला शख्स कोई आम आदमी नहीं बल्कि एक सरकारी चिकित्सक है। वहीं इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वकील को पीटने का वीडियो वायरल
दरअसल, संभल जिले के जिला संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक पर अधिवक्ता को पीटने का आरोप लगा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद गुस्साए वकीलों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा है। उधर, अधिवक्ताओं के पहुंचने से पहले ही आरोपी चिकित्सक मौके से फरार हो गया। अधिवक्ताओं ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सरकारी डॉक्टर ने वकील को पीटा
बता दें कि पूरा मामला जनपद संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय का है, जहां बुधवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर चमन प्रकाश एक अधिवक्ता को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से डॉक्टर अधिवक्ता को थप्पड़ जड़ रहे हैं और धक्का दे रहे हैं। वीडियो अस्पताल की ओपीडी कक्ष का बताया जा रहा है।
Recommended Video

वकीलों ने घेरा अस्पताल
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। जिसके बाद सैकड़ो की तादात में तहसील एवं सिविल कोर्ट बार के अधिवक्ता अस्पताल में पहुंच गए। इस दौरान वकीलों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। तहसील अधिवक्ता के साथ मारपीट करने वाले आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया।

अस्पताल बना छावनी
उधर, अस्पताल में हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस के आला अधिकारीयों समेत पीएसी ने अस्पताल में डेरा डाल दिया है। साथ ही पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक पुलिस को अधिवक्ताओं की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, जैसे ही तहरीर प्राप्त होती है तो उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दवा लेने अस्पताल पहुंचे थे बीमार अधिवक्ता
प्राप्त जानकारी अनुसार तहसील अधिवक्ता अवधेश शर्मा बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय में दवाई लेने पहुंचे थे। बीमारी के चलते चिकित्सक से जल्द दवा देने की मांग कर रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर चिकित्सक डॉक्टर चमन प्रकाश गुस्सा हो गए और अपना आपा खो दिया। जिसके बाद उन्होंने बीमार अधिवक्ता को पीट दिया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications