UP Politics: पूर्व महानगर मंत्री बोलीं- विधायक की करतूत का मौजूद है वीडियो, अब नहीं छुपेगा सच
UP Politics: सहारनपुर में भाजपा से निष्कासित महानगर मंत्री कोमल गुर्जर ने विधायक कीरत सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सियासी भूचाल ला दिया है। कोमल ने कहा कि विधायक ने एक नाबालिग बच्ची के साथ घिनौनी हरकत की थी, और इसका वीडियो उनके पास मौजूद है।
उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिये आरोपों की शुरुआत की और फिर महापंचायत बुलाने का ऐलान किया। पुलिस ने महापंचायत को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। इससे नाराज कोमल ने कहा कि विधायक अपनी सच्चाई से डर रहे हैं, इसलिए पुलिस का सहारा ले रहे हैं।

कोमल का दावा है कि विधायक के कहने पर पुलिस ने उनके तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो की कई कॉपीज़ पहले से तीन अलग-अलग जगहों पर सुरक्षित रखी जा चुकी हैं। उन्होंने विधायक को चुनौती देते हुए कहा कि वे सबूतों के साथ आमने-सामने बात करने को तैयार हैं।
पार्टी में अनदेखी से नाराज हुई कोमल
कोमल गुर्जर ने बताया कि उन्होंने पार्टी में कई बार शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि विधायक तीन साल से उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ससुराल वालों और बहनों को भी निशाना बनाया गया। पार्टी की चुप्पी से परेशान होकर उन्होंने समाज के बीच अपनी बात रखने का निर्णय लिया। इसी के तहत उन्होंने महापंचायत बुलाने का फैसला किया था।
महापंचायत रोकने पर भड़कीं कोमल
महापंचायत से पहले कोमल के गांव में पुलिस की गाड़ियां भेजी गईं। कोमल ने बताया कि वे स्कूटी लेकर गांव से निकल गईं और कुछ समय बाद उन्हें बीजेपी कार्यालय से बुलावा आया।
कार्यालय में उन्हें बताया गया कि राज्य मंत्री जसवंत सैनी उनसे अकेले में बात करना चाहते हैं। लेकिन जब वे अपनी बहन कविता के साथ पहुंचीं तो वहां बीस से अधिक गाड़ियां खड़ी थीं। माहौल देख वे लौट आईं।
कोमल का आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी और परिवार को डराया धमकाया। कहा कि जब वे अपने परिवार के साथ थीं, तब पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उनकी ननद को उठा लिया गया।
उन्होंने कहा कि विधायक उन्हें जेल भेजना चाहते हैं और लगातार दबाव बना रहे हैं। उनका पर्स और तीन मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिए। बावजूद इसके उन्होंने कहा कि उनके पास पर्याप्त सबूत मौजूद हैं जो तीन स्थानों पर सुरक्षित रखे गए हैं।
सम्मान बचाया है, झुकी नहीं हूं
कोमल ने विधायक पर धमकियों का भी आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि विधायक ने उनके बाल कटवाने की धमकी दी थी और इसकी रिकॉर्डिंग उनके पास है।
उन्होंने कहा कि वे किसी दबाव में नहीं झुकेंगी और समाज के बीच जाकर सच रखेंगी। सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है।
कोमल गुर्जर ने कहा कि अगर विधायक निर्दोष हैं, तो महापंचायत में आकर जनता के सामने अपनी सफाई दें। पुलिस के दम पर जनता की आवाज नहीं दबाई जा सकती।












Click it and Unblock the Notifications