Saharanpur News: 12 बीघा गेहूं की खड़ी फसल को करा दिया बर्बाद! DM के आदेश के पीछे क्या है असली वजह?
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में किसानों द्वारा नदी की जमीन पर कब्जा कर गेहूं की बुवाई की गई थी। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने सख्त कदम उठाते हुए ट्रैक्टर चलवाकर फसल को नष्ट करवा दिया और जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
जिलाधिकारी की इस कार्रवाई का किसानों ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया को पूरा किया। इस दौरान मौके पर राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम बेहद ने बताया कि कुछ किसानों ने नदी की जमीन पर अवैध कब्जा कर गेहूं की बुवाई कर दी थी। प्रशासन द्वारा पहले ही किसानों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने फसल लगा दी।
शासन के आदेशों का पालन करते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को 12 बीघा जमीन पर खड़ी फसल को ट्रैक्टर से नष्ट करवा दिया। इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर द्वारा फसल को नष्ट करते देखा जा सकता है।
अब तक 93 बीघा कब्जा मुक्त
जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में 93 बीघा से अधिक जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा चुका है। साथ ही, जिन अन्य सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा है, उन्हें भी जल्द से जल्द खाली कराने की प्रक्रिया जारी है।
मौके पर मौजूद राजस्व निरीक्षक बाबूराम और लेखपाल अभिषेक कुमार ने बताया कि नदी की जमीन खसरा नंबर 533/5 पर खड़ी फसल को ट्रैक्टर से नष्ट कर दिया गया और इस भूमि को ग्राम पंचायत की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
इस अभियान के तहत प्रशासन ने शनिवार को ग्राम मोहम्मद हुसैनपुर नवादा में 12 बीघा सरकारी भूमि को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह भूमि ग्राम समाज की है, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों ने इस पर खेती शुरू कर दी थी।
ग्राम पंचायतों को सौंपी जा रही जमीन
एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कई गांवों में सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटवाकर उन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सरकारी या नदी की जमीन पर अवैध कब्जा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी जमीनों को अवैध कब्जे से बचाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और जल्द ही पूरे जिले से अवैध कब्जों को पूरी तरह से हटाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications