यूपी के सहारनपुर की शर्मनाक तस्वीर, खिलाड़ियों को टॉयलेट के भीतर परोसा गया खाना, Video वायरल
सहारनपुर, 20 सितंबर। देश में खेल और खिलाड़ियों के हालात का अंदाजा उत्तर प्रदेश की इस खबर से जरूर लगाया जा सकता है। यूपी के सहारनपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों को जिस तरह से खाना दिया जा रहा है, शायद जानवरों को भी नहीं दिया जाता है। दरअसल स्पोर्ट्स स्टेडियम का एक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, इसमे देखा जा सकता है कि खिलाड़ियों को टॉयलेट में खाना परोसा जा रहा है।

टॉयलेट में परोसा खाना
यूपी के सहारनपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम की यह तस्वीर देखकर आपका सिर शर्म से झुक जाएगा। जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमे देखा जा सकता है कि शौचालय के भीतर ही खिलाड़ियों का खाना रखा है। शौचालक गंदी फर्श पर ही खाना रखा है और शौचालय में आकर खिलाड़ियों को खाना लेना पड़ रहा है। इस वीडियो को देखकर आपका मन खिन्न हो जाएगा। लेकिन इस वीडियो के सामने आने के बाद भी अधिकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है और वह इसका बचाव कर रहे हैं।

200 खिलाड़ियों को दिया गया यह चावल
वीडियो में देखा जा सकता है कि टॉयलेट के अंदर खाना रखा है। यहां शौचालय की फर्श पर चावल का भगोना, पूड़ी आदि रखी गई है। शौचालय में आकर खिलाड़ी खाना ले रहे है। शौचालय की फर्श पर रखे खाने को यहां के खिलाड़ियों ने खाया। बता दें कि 200 खिलाड़ियों को यह खाना खाने के लिए मजबूर होना पड़ा। सहारनपुर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-17 कबड्डी महिला टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए आईं थीं। यह टूर्नामेंट शुक्रवार को सहारनपुर में शुरू हुआ है। एक जूनियर खिलाड़ी ने बताया कि हमे यह चावल परोसा गया था, जोकि टॉयलेट की फर्श पर रखा हुआ था।

अधिकारी बोले- खाने की गुणवत्ता अच्छी
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर सामने आने के बाद सहारनपुर के खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि यह आरोप पूरी तरह से गलत है और निराधार हैं। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को जो खाना दिया गया है वह काफी अच्छी गुणवत्ता का है। जूनियर खिलाड़ी ने ब ताया कि एक पारंपरिक बर्तन में बड़ी मात्रा में दाल, चावल, सब्जी चूल्हे पर बनाया गया। खाना स्वीमिंग पूल के करीब बनाया गया। भगोने में से चावल को निकालने के बाद उसे बड़ी सी प्लेट में टॉयलेट की फर्श पर रख दिया गया.

खेल अधिकारी सस्पेंड
वहीं इस घटना के सामने आने के बाद अनिमेष सक्सेना को सस्पेंड कर दिया गया है। खेल निदेशालय की ओर से अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही अनिमेष सक्सेना के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। यही नहीं अनिमेष सक्सेना से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही इस पूरे मामले की जांच खेल उपनिदेशक आरपी सिंह को सौंपी गई है। एक महीने में जांच पूरी करने का आदेश दिया गया है।

अनुराग ठाकुर ने दिखाए तेवर
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैंने आरोपी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। मैंने निर्देश दिया है कि भविष्य के लिए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए। बता दें कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ पहली ही कार्रवाई हो चुकी है और उसे सस्पेंड किया जा चुका है, जबकि ठेकेदार के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications