MP Chunav 2023: सागर मालथौन की जन आशीर्वाद सभा,केंद्रीय भूपेन्द्र यादव-प्रहलाद पटेल का राहुल गांधी पर निशाना

MP Chunav 2023: आज जो राहुल गांधी जातिवाद की मशाल हाथ में लेकर देश को जलाने निकले हैं उन्हें ये नहीं पता कि कांग्रेस ने अपने लंबे समय के शासनकाल में दलित, पिछड़ों और गरीबों का कितना नुकसान किया है। इन वर्गों की कितनी उपेक्षा कांग्रेस ने की है यह आप सभी को जानना जरूरी है। कांग्रेस ने भारत की सांस्कृतिक पहचान के चिन्हों को मिटाने का जैसा षड्यंत्र किया उसे लेकर सभी को तकलीफ होती है।

यह बात केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने मालथौन स्टेडियम में आयोजित जन आशीर्वाद सभा में उपस्थित हजारों लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सभा को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री प्रहलाद पटेल और मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।

MP-Chunav-2023- Jan-Ashirwad-Sabha-of-Sagar-Malthon

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि बाबा साहब ने हमें संविधान दिया जिसमें आर्टिकल 340,341,342,343 में दलित व पिछड़ी जातियों को आरक्षण दिया। आर्टिकल 340 के तहत ओबीसी समाज को आरक्षण देने के लिए बनी काका कालेलकर समिति की रिपोर्ट को दफन करने का काम कांग्रेस सरकार ने ही किया था। कांग्रेस सरकार के बाद जब जनता पार्टी आई तब उसने मंडल कमीशन का गठन किया था। फिर कांग्रेस दस साल रही लेकिन मंडल आयोग की सिफारिश लागू नहीं हुईं। जब बीजेपी के समर्थन वाली वीपी सिंह सरकार आई तब ओबीसी आरक्षण के लिए मंडल आयोग की सिफारिश लागू हुईं। 2004 से 2014 तक केंद्र सरकार में यही राहुल गांधी और मनमोहन सिंह शामिल थे लेकिन उन्होंने ओबीसी आरक्षण के लिए कुछ नहीं किया। इस तरह 75 साल से कांग्रेस ओबीसी आरक्षण में अड़ंगा लगा रही है। स्व राजीव गांधी ने तो लोकसभा में आन रिकार्ड ओबीसी आरक्षण का विरोध किया था।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा लगातार कहती रही है कि पढ़ाई, नौकरी, मेडीकल, इंजीनियरिंग में एडमिशन में ओबीसी आरक्षण होना चाहिए। 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने तब उन्होंने ओबीसी आरक्षण के लिए संवैधानिक आयोग बनाया और आरक्षण के लिए कानून बनाया। यादव ने कहा कि ओबीसी आरक्षण की सिलेक्ट कमेटी का चेयरमैन मैं था। रिपोर्ट में सदस्य के नाते कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का ओबीसी आरक्षण के विरोध में नोट दर्ज है। यादव ने कहा कि यह है कांग्रेस के ओबीसी प्रेम की असलियत। जबकि हमने ओबीसी आरक्षण को ही संवैधानिक दर्जा देने के लिए ही नहीं बल्कि आर्थिक आधार पर गरीबों को भी आरक्षण देने का कानून बनाया। इसे कहते हैं सबका साथ और सबका विकास।

केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि कांग्रेस को इस बात पर तकलीफ है कि भाजपा राम मंदिर निर्माण का राजनैतिक उपयोग कर रही है। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि अयोध्या में भगवान श्री राम का विराट मंदिर हमारे लिए घोषणापत्र का मुद्दा ही नहीं बल्कि हमारी प्रतिबद्धता का विषय है। 500 साल से मंदिर निर्माण की गुत्थी को कानून सम्मत रास्ते से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सुलझा दिया। कांग्रेस के आदिवासी प्रेम को ढोंग बताते हुए केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि कमलनाथ आज आदिवासी समाज को घोषणा पत्र में झूठे वायदे कर रहे हैं। इनकी असलियत यह है कि जब कमलनाथ मुख्यमंत्री बने तब इन्होंने आदिवासियों में सबसे पिछड़े बैगा,सहरिया और भारिया जनजातियों को भाजपा सरकार से मिलने वाली राशि तक बंद कर दी थी। 15 महीनों तक कमलनाथ ने आदिवासी हितों के लिए पेसा एक्ट लागू नहीं किया था। भाजपा सरकार ने आते ही पेसा एक्ट लागू किया। भाजपा की अटल बिहारी जी की सरकार ने आदिवासी समुदाय के लिए अलग मंत्रालय बनाया। मंत्री यादव ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि वे आज कह रहे हैं आदिवासी समाज के लिए स्कूलें खोलेंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान यह काम बड़े पैमाने पर एकलव्य स्कूल, सीएम राइज स्कूल, आदिवासी कन्या आवासीय स्कूलें और छात्रावास खोल कर पहले ही कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 70 साल के शासनकाल में परिवार के ही चार लोगों के नाम पर देश भर में स्मारक और संस्थान बनाए। जबकि भाजपा ने आजादी के अमृत महोत्सव में नये गौरव की शुरुआत देश की भाषाओं और क्षेत्रीय सेनानियों के नाम स्मारक बना कर की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने छिंदवाड़ा का विश्वविद्यालय शहीद शंकरशाह के नाम किया। हबीब गंज स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम, पातालपानी स्टेशन का नाम अमर शहीद टांट्या मामा के नाम किया। जनजातीय क्षेत्रों में मेडीकल कालेज शहीद बिरसा मुंडा के नाम किया। श्री यादव ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह की लाडली लक्ष्मी व लाडली बहना योजना को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रीय गौरव की योजनाएं बताया।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मंत्री भूपेंद्र सिंह जी के नेतृत्व में खुरई में विकास की गंगा बही है। लेकिन सबसे बड़ी बात उनके विकास में यह रही कि उन्होंने विकास के साथ विरासत का भी संरक्षण किया और क्षेत्र के सारे मंदिरों का कायाकल्प करके रोटी के साथ राम को भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि हम तीन लक्ष्य लेकर देश के हर दरवाजे पर दस्तक देते हैं। गरीब का कल्याण, महिला सशक्तिकरण, भारत को विश्व का और मध्यप्रदेश को भारत का सिरमौर बनाना हमारा लक्ष्य है।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि राहुल गांधी को मैं बता रहा हूं कि मध्यप्रदेश में तीन मुख्यमंत्री उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराजसिंह सिंह ओबीसी से दिए हैं जबकि कांग्रेस ने अपने राज में एक भी ओबीसी मुख्यमंत्री नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्रियों की सूची उठा कर पढ़ लें, उसमें सिर्फ एक ही ओबीसी वर्ग से प्रधानमंत्री है जिनका नाम श्री नरेन्द्र मोदी जी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश संभावनाओं और संसाधनों से भरा राज्य है। हमारे यहां शांति है, जाति, नस्ल ,भाषा किसी भी तरह का विवाद हमारे मध्यप्रदेश में नहीं है लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस जातिवाद और बंटवारे का जहर यहां भी घोलना चाह रहे हैं।
संवाद सूत्र- ब्रजेश रजक, सागर मध्य प्रदेश

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+