Rewa: गरीब परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए मिलेगी 2 हजार और लकड़ी की आर्थिक मदद, MIC ने पारित किया प्रस्ताव
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा नगर निगम क्षेत्र में अब रुपये के अभाव में किसी गरीब को अपनों का दाह संस्कार करने में दिक्कत नहीं होगी। रीवा नगर निगम क्षेत्र में अत्यधिक निर्धन और निराश्रित परिवारों में भुखमरी की दशा, बीमारी एवं मृत्यु होने पर राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
रीवा नगर निगम की मेयर इन काउंसिल ने शहर के गरीब परिवारों के लिए राहतभरा निर्णय लिया है। किसी मौत पर परिवार को 2 हजार नकद और 3 क्विंटल लकड़ी अंत्येष्ठि के लिए फ्री में दी जाएगी। मेयर इन काउंसिल ने यह भी कहा है कि गरीबी रेखा में जिन लोगों का नाम किसी कारण से नहीं जुड़ा। तो वार्ड पार्षद सत्यापन करेंगे।

महापौर अजय मिश्रा बाबा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आवास योजना के तहत निर्मित ललपा साईट-एमआईजी फ्लैट्स और गोल क्वार्टर साइट-एलआईजी फ्लैट्स के लिए प्राप्त निविदाओं-प्रस्थापनाओं की स्वीकृति दी गई। उपभोक्ता प्रभार (जलकर एवं कचरा शुल्क) की दर निर्धारित करने प्रकरण परिषद को अग्रेषित किया गया।
द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों के सीधी भर्ती के पद पूर्ति के लिए सहायक आयुक्त-3, सहायक ई-गवर्नेंस अधिकारी के दो पदों के प्रस्ताव कर्मचारी चयन मण्डल को भेजे जाने की स्वीकृति दी गई। अमृत योजना के तहत रीवा सीवरेज कार्य में 2 अतिरिक्त एसटीपी बाबाघाट और निपनिया पुल के पास निर्माण की स्वीकृति दी गई। पथ विक्रेताओं, ठेला व्यवसाइयों से बैठकी वसूली प्रथा समाप्त करने प्रकरण परिषद को भेजा है। ननि आयुक्त संस्कृति जैन,नीतू अशोक पटेल, रमा दुबे, स्वतंत्र शर्मा, मनीष नामदेव, गुलाम अहमद, सूफिया खान, एसई शैलेंद्र शुक्ला, नजमा बेगम, आरती बक्सरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications