Rewa News: बाघिन मां से बिछड़े शावक को मिलाने के सारे जतन फेल, मुकुंदपुर जू में किया गया शिफ्ट
Rewa News: कटनी वन मंडल के बरही रेंज के जंगल में फिर एक 20 दिन का शावक अपनी मां से बिछड़ गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने 10 घंटे तक बाघिन के लौटने के इंतजार में नन्हे शावक की निगरानी की, लेकिन वह नहीं लौटी। टीम ने शावक का रेस्क्यू कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे व्हाइट टाइगर मुकुंदपुर जू शिफ्ट कर दिया है।
बता दें कि 12 दिसंबर की दोपहर गश्ती दल कटनी वन मंडल के बिचपुरा बीट में भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान शावक की रोने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो 20 दिन का शावक चहलकदमी कर रहा था। आशंका थी कि बाघिन आसपास ही कहीं होगी।

जिसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर शावक की निगरानी दूर से की गई। शावक 200 मीटर के एरिया में ही घूमता रहा लेकिन मां नहीं लौटी। बाघिन के वापस आने की संभावना खत्म होते देख अधिकारियों ने स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ जबलपुर की चिकित्सक टीम को शावक के रेस्क्यू के लिए बुलाया। रात 10 बजे पहुंची टीम ने रेस्क्यू कर स्वास्थ्य परीक्षण किया।
बुधवार तक मां बाघिन के आसपास के क्षेत्र में भी नहीं होने पर डॉक्टरों ने फिर शावक का स्वास्थ्य परीक्षण किया और टीम की निगरानी में 14 दिसंबर को मुकुंदपुर जू सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया।
2 साल पहले भी सतना आए थे 2 शावक
कटनी वन मंडल के जंगल में 2 साल पहले भी 1 बाघिन ने अपने 2 शावकों को छोड़ दिया था। जिनका रेस्क्यू कर मुकुंदपुर जू सेंटर में शिफ्ट किया गया था। जू प्रबंधन ने जिलेवासियों से नामकरण के सुझाव मांग कर वन्या और शक्ति दोनों के नाम दिए थे, आज दोनों की उम्र 2 साल है।












Click it and Unblock the Notifications