रांचीः JMM प्रमुख शिबू सोरेन के फेफड़े में संक्रमण, गुरुग्राम स्थित मेदांता ले जाने की तैयारी
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन की तबीयत खराब होती जा रही है। इसलिए उनके बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता में शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि अभी उनका इलाज रांची स्थि मेदांता अस्पताल में चल रहा है। जांच के दौरान उनके फेफड़े में संक्रमण का पता चला है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रुपी सोरेन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
Recommended Video

पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन बीते दिनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। दो दिन तक होम आइसोलेशन में रहने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। इसके बाद उन्हें रांची के मेदांता में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक, जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन को डायबिटिज समेत कई और बीमारियां पहले से हैं। इस बीच शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर उनके पैतृक गांव रामगढ़ के गोला में लोग प्रार्थना में जुटे हुए। राज्य के कई और शहरों में भी लोग उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
वहीं शिबू सोरेन के लिए सोमवार रात ढाई बजे रांची जिला पुलिस बल के जवान लल्लू कुमार यादव ने प्लाज्मा डोनेट किया। जिससे जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मंगलवार की दोपहर शिबू सोरेन को गुरुग्राम के मेदांता में भर्ती कराया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
मेदांता के पीआरओ जावेद ने बताया कि शिबू सोरेन की तबीयत फिलहाल स्थिर है और उन्हें आज दोपहर गुरुग्राम के मेदांता ले जाया जाएगा। वहीं शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री पुत्र हेमंत सोरेन लगातार शिबू सोरेन का हालचाल ले रहे हैं।संभावना यह भी जताई जा रही है कि शिबू सोरेन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली जाएंगे। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।












Click it and Unblock the Notifications